मतदाता पर्ची वितरण में गड़बड़ी पर प्रेक्षक की रिपोर्ट पर बीएसए ने की कार्रवाई
विधानसभा चुनाव में 15 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले वोटरों को फोटोयुक्त मतदाता पर्ची वितरण करने का काम जोरों पर है, लेकिन गोला क्षेत्र के पांच बीएलओ पर्ची वितरण में गड़बड़ी करते मिले हैं। इन्हें गोला विधानसभा के प्रेक्षक टोपेश्वर वर्मा ने जांच के दौरान पकड़ा, जिसके बाद उन्होंने पांचों के खिलाफ बीएसए संजय कुमार शुक्ला को कार्रवाई करने के आदेश दिए। बीएसए ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच बीएलओ के वेतन आहरण पर रोक लगाते हुए एक सप्ताह में स्पष्टीकरण तलब किया है।
गोला विधानसभा में बाकेगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बहारगंज के सहायक अध्यापक पंकज कुमार कनौजिया, प्राथमिक विद्यालय भुड़वारा के सहायक अध्यापक नफीस अहमद, प्राथमिक विद्यालय मदनपुर की सहायक अध्यापक शीबा रजी, प्राथमिक विद्यालय वजीरनगर की सहायक अध्यापक अनीता देवी और प्राथमिक विद्यालय महाराजनगर के सहायक अध्यापक रमेश कुमार वाजपेयी की चुनाव में बतौर बीएलओ ड्यूटी लगी है। इन्हें अपने-अपने बूथ के मतदाताओं को मतदाता पर्ची वितरण का जिम्मा सौंपा गया था, लेकिन आरोप है कि इनके द्वारा नियमानुसार वितरण नहीं किया गया। इतना ही नहीं इन लोगों ने अधिकारियों को गुमराह करने से भी परहेज नहीं किया। प्रेक्षक टोपेश्वर वर्मा ने क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पर्ची वितरण का हाल लेते हुए मोबाइल पर बीएलओ की लोकेशन ली, तो कई ने खुद को तहसील में होने की झूठी सूचना दी। इस पर प्रेक्षक ने तहसील जाकर बीएलओ के बारे में जानकारी ली, जिसमें सच सामने आ गया। इसके अलावा पर्ची वितरण के लिए रजिस्टर भी नहीं बनाया गया, बल्कि मोहल्ले के ही कुछ लोगों को सभी की पर्ची थमा दी गई थी।। बीएसए संजय शुक्ला ने बताया कि पांचों बीएलओ का वेतन आहरण पर रोक लगा दी गई। स्पष्टीकरण के बाद अन्य कार्रवाई की जाएगी।
मतदाता पर्ची का वितरण शुरू
तिकुनियां। बीएलओ ने डोर टू डोर मतदाता पर्ची बांटनी शुरू कर दी है। पर्ची वितरण से मतदाता आसानी से अपना मतदान कर सकेंगे। बीएलओ संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि तहसील से सभी क्षेेत्र के बीएलओ को मतदाता पर्ची आवंटित कर दी गई है। बीएलओ डोर टू डोर जाकर मतदाताओं को पर्ची दे रहे हैं और मतदान करने के लिए प्रेरित करें।