जिले भर में जश्न का माहौल, रंग-गुलाल से सराबोर हुईं सड़कें
लखीमपुर खीरी। विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली शानदार सफलता का जश्न पार्टी कार्यकर्ता जोरशोर से मना रहे हैं। जैसे ही भाजपा उम्मीदवारों के जीत की खबरें आनी शुरू हुईं तो लोगों ने शंख बजाकर और गुलाब उड़ाकर खुशी का इजहार किया। बुलडोजर पर बैठकर विजय जुलूस निकाला और एक दूसरे का मुंह मीठा कराया।
धौरहरा। धौरहरा में भी पार्टी प्रत्याशी विनोद शंकर अवस्थी के प्रचंड मतों 24854 से चुनाव जीतने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विजय जुलूस निकाला। क्षेत्र के खमरिया, ऐरा, कटौली, ईसानगर, सिसैया चौराहा, धौरहरा कस्बा, कफारा, चनपुरा, रमियाबेहड़, ढखेरवा चौराहा आदि जगहों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने रंग गुलाल उड़ाते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाई और बुलडोजर पर सवार होकर विजय जुलूस निकाला।
मैलानी। भाजपा प्रत्याशी अरविंद गिरि की जीत की खुशी में यहां भाजपाइयों ने बुलडोजर के साथ ढोल नगाड़े पर थिरकते और अबीर गुलाल खेलकर जश्न मनाया। जुलूस राम जानकी मंदिर से चलकर बाईपास, भीरा रोड, मैलानी गांव, रेलवे कॉलोनी, मेन मार्केट होकर वापस मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस में भवानी शंकर माहेश्वरी बंटी, अशोक अरोड़ा, सुरेंद्र मिश्रा, शिव गोविंद कुशवाहा, हरिहर दत्त मिश्रा, गुरमीत कौर आदि शामिल रहे।
ओयल। कस्बे में भाजपा समर्थकों ने राज्य और जिले में बीजेपी की जीत के चलते मोटरसाइकिल यात्रा निकाली। ढोल नगाड़ों के साथ होली मनाकर खुशी का इजहार किया। एक-दूसरे को गले लगा कर मुंह मीठा कराया। इस दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पसगवां। मोहम्मदी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी लोकेंद्र प्रताप सिंह की शानदार जीत पर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। समर्थकों ने एक दूसरे लड्डू और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इसके अलावा जंगबहादुरगंज, मोहिउद्दीनपुर, खरगापुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा की जीत का जश्न मनाया गया।
मोहम्मदी। भाजपा प्रत्याशी लोकेंद्र प्रताप सिंह की जीत की खुशी सुनकर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप मेहरोत्रा भाजपा कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मीठा खिला कर बधाई दी। चेयरमैन काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। वह भी जीत की शुभकामनाएं देने भाजपा कार्यालय पहुंचे।
उत्साहित भाजपाइयों ने निकाली रैली
वोटों की गिनती में निरंतर हो रही बढ़त हो लेकर भाजपाइयों का उत्साह दो गुना हो गया। ढ़ोल नगाड़े बजाकर भाजपाई रैली निकालते रहे। वहीं युवा मोर्चा के लोगों ने रंग-गुलाल खेलकर बाइक रैली निकालकर जयश्रीराम के नारे लगाए।
सुबह से लेकर शाम तक खूब उड़ा भगवा गुलाल
मतगणना शुरू होते ही खीरी रोड स्थित एक मैरिज लॉन में जिले भर के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता इकट्ठा होने लगे। देखते ही देखते लॉन में सैकड़ों भाजपाई इकट्ठा हो गए। वोटों की गिनती में बढ़त मिलने की खुशी में सुबह से लेकर शाम तक भगवा गुलाल उड़ता रहा।
बस अड्डे तक नहीं आई गोला की बसें, भटके यात्री
राजापुर से सौजन्या चौराहे तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहा। रूट डायवर्ट होने से रोडवेज बसों का संचालन सौजन्या से नौरंगाबाद चौराहा से राजापुर के रास्ते हुआ। ऐसे में गोला डिपो के चालक परिचालक बसों को बस अड्डे तक ही नहीं लेकर आए। इससे गोला की ओर जाने वाले मुसाफिर भटकते रहे। बसों के न आने से लखीमपुर डिपो के गोला बस स्टाफ पर सन्नाटा रहा।
मतगणना के दिन बंद रहा बाजार
मतगणना के दिन बाजार बंद रहा। इससे सड़कों से लेकर खपरैला बाजार की दुकानों के शटर गिरे रहे। सड़कों पर मतगणना स्थल की ओर जाने वालों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं की आवाजाही होती रही। खपरैला बाजार बंद होने से खरीदारी के लिए ग्रामीण अंचल से आए लोग घर वापस लौट गए।
पुराने भाजपा कार्यालय पर हुआ जश्न
जीत की खुशी में पुराने भाजपा कार्यालय पर इकट्ठा हुए भाजपाइयों ने ढोल-नगाड़े बजाकर जश्न मनाकर जयश्रीराम के नारे लगाते रहे। युवा एवं बुजुर्ग कार्यकर्ता भगवा गुलाल खेलकर जमकर थिरके। इससे पुराने भाजपा कार्यालय पर दिन भर जश्न सा माहौल रहा।
गोला में बुलडोजर पर चढ़कर खुशी जताते भाजपाई।