बरेली में तैनाती के दौरान पशु तस्करों की गोली लगने से शहीद हुए जिले के थाना खीरी अंतर्गत गांव हरदासपुर निवासी दरोगा मनोज मिश्रा के परिवार से मिलने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी गुरुवार को उनके घर पहुंचे। उन्होंने हरदासपुर में परिवार वालों से मिलकर उनकी पीड़ा सुनी और कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी न्याय की मांग नहीं सुनीं है तो इसके लिए वह सीएम से मिलेंगे।
बरेली के थाना फरीदपुर में नौ सितंबर की रात करीब 10 बजे पशु तस्करों ने मनोज मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। परिवार वाले सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, जिसकी सुनवाई न होने 14 अक्तूबर से गांव में धरना शुरू कर दिया था, जो चार नवंबर को मुख्यमंत्री द्वारा मांगें माने जाने के आश्वासन पर स्थगित कर दिया गया था। अब एक माह पूरा होने के बाद भी सरकार ने कुछ नही किया। लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ मनोज मिश्रा संघर्ष मोर्चा के संयोजक आचार्य संजय मिश्रा, जिलाध्यक्ष विनोद मिश्रा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
दरोगा के पिता को अब तक न्याय नहीं दे सकी सरकार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अब तक दरोगा मनोज मिश्र के परिवार वालों को न्याय नहीं दे सकी है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।