सदर विधायक योगेश वर्मा सोमवार रात कहीं जा रहे थे। संकटा चौराहे पर उनकी गाड़ी जाम में फंसी तो विधायक ने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर लगा दी। उन्होंने हंगामा भी किया।
लखीमपुर खीरी में सदर से भाजपा विधायक योगेश वर्मा का विवादों से पीछा नहीं छूट रहा है। सोमवार की रात सदर विधायक अपनी स्कार्पियो गाड़ी से कहीं जा रहे थे। संकटा देवी चौराहे पर बिजली की लाइन ठीक की जा रही थी, जिससे जाम लगा हुआ था। भाजपा विधायक की गाड़ी वहां फंसी तो उन्होंने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर लगवा दी और काफी देर तक हंगामा किया।
विज्ञापन
सूचना पाकर शहर कोतवाल अंबर सिंह मौके पर पहुंचे और विधायक का मान-मनौव्वल करके मामला शांत कराया। शहर कोतवाल ने बताया कि बिजली लाइन के तार झूल रहे थे, जिन्हें कर्मी ठीक कर रहे थे। तभी जाम लगा था, जिससे सदर विधायक ने नाराजगी जताई थी। उधर, किसी ने इस घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।