फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा नेता ने वैक्सीन एवं सिरिंज छीनकर बाधित किया टीकाकरण

विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। मोहल्ला संकटा देवी के टीकाकरण बूथ पर सोमवार को भाजपाइयों का वैक्सीनेशन कर रहीं एएनएम से विवाद हो गया। एएनएम का आरोप है कि अपने को भाजपा नेता बताने वाले एक युवक ने अभद्रता करते हुए हाथ से वैक्सीन और सिरिंज छीनकर टीकाकरण कार्य बाधित कर दिया।
विज्ञापन

एएनएम ने इस संबंध में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले भाजपा नेेता पर कार्रवाई की मांग की है। उधर, एएनएम के साथ हुई अभद्रता से नाराज स्वास्थ्य कर्मियों ने मंगलवार को टीकाकरण न करने का ऐलान किया है।
संकटा देवी मोहल्ले के आंगनबाड़ी केंद्र पर एएनएम दिव्या शुक्ला टीकाकरण कर रही थीं। दोपहर बाद करीब दो बजे भाजपा की जिला मंत्री रचना शुक्ला टीकाकरण केंद्र पर पहुंचीं, उनके साथ भाजयुमो जिला कार्य समिति के सदस्य अमिय त्रिपाठी आदि कई लोग वहां पहुंच गए। बताते हैं कि अमिय त्रिपाठी ने वैक्सीन के संबंध में पूछताछ करनी शुरू कर दी। इस पर एएनएम ने इस संबंध में उच्चाधिकारियों से मिलने को कहा।
विज्ञापन

आरोप है कि इस पर भाजपा नेता भड़क गए और एएनएम पर जिला मंत्री के आने पर कुर्सी न छोड़ने का आरोप लगाते हुए आग बबूला हो गए। बताया जाता है कि अमिय त्रिपाठी ने एएनएम के हाथ से वैक्सीन और सिरिंज छीनकर अपने अधिकारी से बात कराने को कहा। आरोप है कि अमिय त्रिपाठी उनकी नौकरी छीन लेने की धमकी देने लगे। इससे आहत एएनएम ने अमिय त्रिपाठी के खिलाफ कोतवाली में नामजद तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
उधर, सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उज्जवल कांत ने बताया कि एएनएम ने फोन से जब उनकी बात कराई तो अमिय त्रिपाठी ने उनसे भी अभद्रता की। इस मामले को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों में नाराजगी है। इस संबंध में अमिय त्रिपाठी ने पहले तो बताया कि इस संबंध में जिलाध्यक्ष से बात करें। मगर, बाद में कहा कि एएनएम फोन पर गेम खेल रही थीं। टोकने पर वह मनगढ़ंत आरोप लगा रही हैं। दलील दी कि भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता टीकाकरण केंद्रों की व्यवस्थाओं को परखने और सहयोग करने के लिए गए थे।
भाजपा कभी भी अधिकारों की बात नहीं करती। पार्टी का निर्देश है कि बूथों पर जाकर टीकाकरण करने वालों का सहयोग करें। वैक्सीनेशन करने वाले और कराने वालों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। हमें सेवक बनकर लोगों की मदद करना है। इस संबंध में जानकारी करने की जाएगी, जिससे दुबारा ऐसी पुनरावृत्ति न हो। - दिनेश तिवारी, जिला प्रभारी, भाजपा
एएनएम ने तहरीर दी है, जिसकी जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक
टीकाकरण केंद्र पर एएनएम लोगों से बदतमीजी कर रही थीं। इस पर कार्यकर्ता ने ऐतराज किया। इस पर वह कोतवाली में तहरीर दे आई है। फिलहाल हम बाहर हैं। मंगलवार को इस संबंध में सीएमओ से वार्ता करेंगे।
विज्ञापन

- सुुनील सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें