लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात भाजपा कार्यकर्ता शांतनु तिवारी पर उस समय हमला हो गया, जब वह महाराजनगर क्रॉसिंग से कहीं जा रहे थे। शांतनु का आरोप है कि 50 से ज्यादा लोगों ने उनकी कार पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हवाई फायरिंग भी की गई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दो नामजद के साथ आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल, अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
सदर विधायक योगेश वर्मा के करीबी कार्यकर्ता शांतनु तिवारी ने बताया कि रात में वह अपने प्लॉट से वापस घर आ रहे थे। इंडियन गैस प्लांट के समीप कुछ लड़के सड़क पर जाम लगाकर जन्मदिन की पार्टी कर रहे थे। मौके पर 15 से 20 गाड़ियां मौजूद थीं। उसमें 40 से 50 लोग थे। सड़क जाम करने का विरोध किया तो निश्चय सिंह तोमर व देवेंद्र वर्मा (देवा) ने अपने करीब 40 अन्य दोस्तों के साथ गालियां देते हुए जान से मारने की उन्हें धमकी दी। इस दौरान तमाम युवकों ने मारपीट शुरू कर दी।
शांतनु तिवारी ने बताया कि किसी तरह जान बचाकर घर की ओर बढ़े, तभी एक चौपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद भी युवकों का मन नहीं भरा तो पीछा करते हुए राजाजीपुरम के समीप एक अन्य वाहन से टक्कर मारकर रोक लिया। सभी युवकों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इससे कार के शीशे टूट गए।
चार-पांच राउंड फायरिंग की
दहशत फैलाने के उद्देश्य से युवकों ने चार से पांच बार हवाई फायरिंग भी की। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग घरों के अंदर दुबक गए। जान का खतरा देखते हुए पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। इस पर कोतवाली पुलिस के साथ एएसपी पवन गौतम पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना करते हुए जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की बात कही है।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस गई थी। इसके अलावा शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए एएसपी पूर्वी ने भी मौका मुआयना किया था। तीन से चार लोग पुलिस की हिरासत में है। आरोपियों से पूछताछ करते हुए घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।