चुनाव प्रभारी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की तमाम कोशिशों के बावजूद भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर भी आम सहमति नहीं बन पाई। सांसद खीरी अजय मिश्र टेनी, पूर्व मंत्री रामकुमार वर्मा, अरविंद गिरि समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं के तमाम प्रयासों के बावजूद तीन उम्मीदवार मैदान में डटे रहे, कोई नतीजा न निकलते देख अमेठी (सुल्तानपुर) से आए चुनाव प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने मंडल अध्यक्षों, जिला प्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की राय लेकर तीनों उम्मीदवारों के नाम प्रदेश कार्यालय को भेज दिए हैं।
सोमवार को भाजपा कार्यालय पर सुबह से ही गहमागहमी रही। मंडल अध्यक्षों और जिला प्रतिनिधियों के अलावा तमाम भाजपा कार्यकर्ता अपने प्रत्याशियों के सपोर्ट के लिए सुबह से भाजपा कार्यालय पर एकत्र हो गए। हालांकि कुल ग्यारह लोगों ने अपनी दावेदारी की, लेकिन इन लोगों ने पर्चे नहीं लिए। तमाम कोशिशों के बावजूद शरद वाजपेयी, अरविंद सिंह संजय और विनोद मिश्रा अपनी उम्मीदवारी पर डटे रहे।
दोपहर दो बजे तक चुनाव प्रभारी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने आम सहमति बनाने का प्रयास किया लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। किसी भी उम्मीदवार के पर्चा वापस न करने पर चुनाव प्रभारी ने आम सहमति बनाने के लिए 20 मंडल अध्यक्षों और 18 जिला प्रतिनिधियों और भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग बुलाकर रायसुमारी की। इसके बाद सभी उम्मीदवारों के नाम प्रदेश नेतृत्व के पास भेज दिए गए।
चुनाव के दौरान अवध क्षेत्र उपाध्यक्ष लोकेंद्र प्रताप सिंह, आरएसएस के कुलभूषण सिंह, विनोद मिश्रा, शरद वाजपेयी, सांसद अजय मिश्र टेनी, अरविंद सिंह संजय, पूर्व विधायक नरेेशचंद वर्मा, मोती लाल पैलवी, जिला प्रवक्ता रमेशचंद्र मिश्रा, विजय शुक्ल रिंकू, विजय माहेश्वरी, सुधा शर्मा, उमाशंकर मिश्रा और अरविंद गुप्ता सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।