निघासन के लखाही पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
निघासन। ढखेरवा रोड पर लखाही पेट्रोल पंप के पास एक निजी बस ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर और पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया है।
क्षेत्र के पलिया कोतवाली के गांव अतरिया निवासी अब्दुल रहीम (22) पत्नी आशिया (20) को बाइक पर बैठाकर धौरहरा से अतरिया जा रहा था। निघासन ढखेरवा रोड पर लखाही पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पत्नी आशिया की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ढखेरवा चौकी इंचार्ज लालबहादुर मिश्रा ने गंभीर रूप से घायल हुए अब्दुल रहीम को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान अब्दुल रहीम की भी मौत हो गई। हादसे के बाद बस ड्राइवर बस सहित फरार हो गया जिसे पुलिस ने शारदा नगर में पकड़ लिया। मृतक महिला के पिता छोट्टा निवासी धौरहरा टाउन ने बताया कि उसकी लड़की व दामाद मंगलवार सुबह धौरहरा से अतरिया के लिए निकले थे। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है।
दंपती की मौत के बाद घर में फैला मातम
पलियाकलां। हादसे में दंपती की मौत के बाद गांव अतरिया स्थित उनके घर में मातम पसरा है।
अतरिया गांव निवासी मेंहदी हसन के पुत्र अब्दुल की पहली पत्नी किसी वजह से एक चार वर्षीय पुत्र को छोड़कर चली गई थी। इसके बाद अब्दुल ने धौरहरा निवासी आशिया से करीब तीन महीने पूर्व ही शादी की थी। सोमवार को वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं देर शाम तक शव गांव में नहीं पहुंचा था। संवाद