कम रवन्ने पर अधिक लकड़ी ले जाई जा रही थी, जांच जारी
मैलानी-बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व की मैलानी सेंक्चुरी कर्मियों ने बीती रात हरियाणा जा रहा सागौन के बोटों से भरा एक ट्रक पकड़ा है। रवन्ना से अधिक ट्रक पर लदी लकड़ी की नपत और अभिलेखों की जांच की जा रही है।
दुधवा टाइगर की किशनपुर पशु विहार मैलानी के वार्डेन तौफीक अहमद ने बताया कि भीरा रोड पर नहर के पास स्थित मैलानी सेंक्चुरी पर कर्मियों ने रात लगभग 11 बजे भीरा की ओर से आ रहे त्रिपाल से ढके एक ट्रक को रोककर देखा तो उसमें सागौन के बोटे लदे थे। वार्डेन तौफीक अहमद ने बताया कि ट्रक बेलरायां से कुरुक्षेत्र हरियाणा जा रहा था।
चालक के पास रवन्ने में 144 बोटे लकड़ी का अभिवहन दर्ज था, जबकि ट्रक में करीब 185 बोटा सागौन की लकड़ी पाई गई। वन विभाग यह पता लगा रहा है कि कम लकड़ी के रवन्ने पर अधिक लकड़ी भेजने के मामले में कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।
उधर, वन संरक्षक/ उपनिदेशक दुधवा नेशनल पार्क मनोज सोनकर ने बताया कि कम लकड़ी के रवन्ने पर अधिक लकड़ी के अभिवहन मामले में दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रक पर सागौन की लकड़ी के बोटे दिखाई दे रहे हैं। प्रपत्रों की जांच की जा रही है। ट्रक को पकड़ा नहीं, बल्कि शक के आधार पर रोका गया है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- तौफीक अहमद, वन्यजीव प्रतिपालक, किशनपुर पशु विहार, मैलानी