निघासन। पढ़ुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा-धौरहरा मार्ग पर वर्मा फिलिंग स्टेशन के सामने बुधवार देर शाम स्लीपर बस की टक्कर से बाइक सवार संदीप कुमार जायसवाल (32) की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई नीतीश जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
ग्राम चहलुआ निवासी संदीप ढखेरवा चौराहे पर फुटपाथ पर कपड़े बेचने के बाद नीतीश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वर्मा फिलिंग स्टेशन के पास सामने से आ रही स्लीपर बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संदीप की मौत हो गई और नीतीश घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि बस को निघासन से पहले रिलायंस पेट्रोल पंप के पास कब्जे में लिया गया है। शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।