गोला क्षेत्र के बवेसर गांव निवासी युवक अपनी पत्नी को लेकर ससुराल गया था। पत्नी वहीं रुक गई। वह मंगलवार रात घर वापस जा रहा था। रास्ते में किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
लखीमपुर खीरी जनपद के बांकेगंज क्षेत्र में ससुराल से बाइक से घर वापस जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंच गए। पति का शव देखकर पत्नी बेसुध हो गई।
विज्ञापन
गोला थाना क्षेत्र के बवेसर गांव निवासी मेवालाल का 28 वर्षीय पुत्र सुरेश बाइक पर पत्नी निधि के साथ थाना मैलानी क्षेत्र के कुकरा गांव ससुराल में धार्मिक आयोजन में शामिल होने आया था। जहां से वह मंगलवार रात 10 बजे करीब बाइक से अकेले वापस घर लौट रहा था। जबकि उसकी पत्नी मायके में ही थी।
इस दौरान बांकेगंज कुकरा रोड पर कर्नल फार्म के सामने किसी वाहन ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे बांकेगंज सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसओ मैलानी राजेश कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।