खमरिया। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर बसढ़िया चौराहे के पास रविवार दोपहर करीब दो बजे लखीमपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार डग्गामार बस के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही बाइक टकरा गई। हादसे में मूसेपुर निवासी राम सागर उर्फ भउवा पुत्र मनोहर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुकानदारों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा।
आरोप है कि खमरिया थाने के एक पुलिसकर्मी व एक अन्य की मौजूदगी में कंडक्टर बस लेकर चला गया। लोगों से नोकझोंक के बाद पुलिस ने हादसे के समय बस चला रहे हेल्पर को हिरासत में लिया।
बस में करीब 70 से 80 सवारियां थीं। हादसे के समय बस चला रहे हेल्पर के पास डीएल नहीं होने की बात सामने आई। आरोप है कि मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई नहीं की और इसे परिवहन विभाग से संबंधित मामला बताया। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हेल्पर से पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद