वसूली का नोटिस आने पर पीड़ित को हुई धोखाधड़ी की जानकारी
लखीमपुर खीरी। मोहल्ला शांतीनगर निवासी युवक को लोन दिलाने के बहाने उसकी आईडी का दुरुपयोग कर नई बाइक फाइनेंस कराने का मामला सामने आया है। बाइक की किस्तें जमा न होने पर वसूली का नोटिस घर आने पर परिजन को इसकी जानकारी हुई। पीड़ित युवक की मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मोहल्ला शांतीनगर निवासी सीमा मौर्या पत्नी गुड्डू ने बताया है कि उसका पुत्र वीरपाल दो बार लकवे की बीमारी का शिकार हो चुका है, जिसके चलते मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। जीवन-यापन करने के लिए कबाब-पराठा की दुकान चलाता है। आरोप है कि मोहल्ला निवासी प्रवीण मिश्रा उर्फ बीनू ने वीरपाल को नगर पालिका से दस हजार रुपये लोन दिलाने का झांसा देकर उसकी आईडी, फोटो, बैंक पासबुक लेकर कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद बताया कि कुछ दिन बाद बैंक खाते में लोन आ जाएगा। कुछ समय बाद लोन तो नहीं आया, बल्कि वीरपाल के खाते से फाइनेंस कंपनी की किस्त कट गई तो मामले की जानकारी बैंक में जाकर ली।
मैनेजर ने बताया कि वीरपाल के नाम पर बाइक फाइनेंस कराई गई है। इसके बाद वीरपाल ने विरोध जताया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। नियमानुुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।