सीएचसी में बेड-गद्दों की कमी की हकीकत 24 दिसंबर को अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद आखिरकार सेहत महकमे को फिक्र आ ही गई। अस्पताल में बेड और चादरों की कमी को देखते हुए विभाग ने बिजुआ को जरूरत का सामान (बेड और चादरें) मुहैया कराई हैं। मंगलवार को नसबंदी कैंप में आपरेशन के बाद अधिकांश महिलाओं को बेड मिले।
बिजुआ सीएचसी में 30 बेड की सुविधा है। यहां पर अरसे से फटे गद्दों पर बगैर चादरों के मरीजों को लिटाया जाता था। 23 दिसंबर को लगे नसबंदी शिविर में महज 30 आपरेशन होने के बाद भी ज्यादातर महिलाओं को फर्श पर टेंट के गद्दों पर लिटाया गया था। अधूरे संसाधनों से संबंधित खबर अमर उजाला में 24 दिसंबर प्रकाशित की गई थी। खबर का संज्ञान लेकर महकमे ने सीएचसी में गद्दों और चादरों की कमी को पूरा कर दिया है।
शिविर में 42 आपरेशन
बिजुआ। सीएचसी में आयोजित नसबंदी शिविर में 45 महिलाओं के रजिस्ट्रेशन किए गए थे। शिविर में 42 आपरेशन किए गए। दोपहर दो बजे टीम पहुंचने के बाद करीब पांच बजे तक आपरेशन किए गए।