उपकेंद्र से जुड़े हिन्दुस्तान फीडर पर पिछले कई सालों से एक दिन छोड़कर बिजली सप्लाई दी जा रही है। रविवार को इस व्यवस्था से परेशान किसानों के सब्र का बांध टूट गया। गुस्साए किसानों ने रविवार सुबह सात बजे उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर रोस्टर के मुताबिक बिजली सप्लाई देने की मांग की है।
ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष साहब सिंह की अगुवाई में निकटवर्ती गांव ग्रंट नंबर तीन के दर्जनों किसान दिलबाग सिंह, हरजीत सिंह, गुरमीत सिंह, गुरजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, टोनी, जगजीत सिंह, गुरुप्रीत सिंह, बूटा सिंह, कमलजीत सिंह, छिंदर, जीत सिंह आदि बिजली उपकेंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कर्मियों की मनमानी कार्यशैली के चलते वर्ष 1996 से हिन्दुस्तान फीडर के उपभोक्ताओं को एक दिन बाद बिजली सप्लाई दी जा रही है। जिससे उन्हें सप्ताह में बमुश्किल दस से पंद्रह घंटे ही बिजली मिल पाती है। फीडर पर बिजली न मिलने से वह फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। जिसके चलते पानी के अभाव में खेतों में खड़ी धान फसल सूखने लगी है। किसानों ने अधिकारियों से रोस्टर के मुताबिक मिलने वाली बिजली सलाई देने की मांग की। साथ ही सप्लाई में सुधार न होने पर अनिश्चतकालीन धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल की चेतावनी दी।
लाइन मेंटीनेंस के नाम पर उगाही का आरोप
किसानों ने बिजली कर्मियों पर लाइन मेंटीनेंस के नाम पर धन उगाही करने का आरोप लगाया। किसानों का कहना है कि हर साल बिजली कर्मी उनसे लाइन मेंटीनेंस को लेकर हजारों रुपये वसूलते हैं। किसानों ने बताया कि इसकी शिकायत वह सोमवार डीएम से मिलकर करेंगे।
थरबरनगंज का ट्रांसफार्मर फुंका
शहर के मोहल्ला थरबरनगंज में बिजली सप्लाई के लिए 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। जिससे मोहल्ले की बिजली सप्लाई कई घंटे तक गुल रही। बिजली न मिलने से परेशान लोगों ने रात में ही नईबस्ती उपकेंद्र के बिजलीकर्मियों को इसकी सूचना दी। जेई मनोज पुष्कर ने बताया कि थरबरनगंज में 400 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है।