- बसपा राष्ट्रीय महासचिव ने सपा-भाजपा पर साधा निशाना
- बोले सपा-भाजपा दोनों पार्टियां दंगा कराने में माहिर
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि सपा-भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू है, जो दंगा कराने में माहिर हैं। सपा की पारिवारिक लड़ाई पर चुटकी लेते हुए कहा कि साढ़े चार साल में हुई अवैध कमाई के बंटवारे के कारण साइकिल के पुर्जे छिन्न-भिन्न हो गए हैं। सम्मेलन के माध्यम से ब्राह्मणों पर डोरे डालते हुए राष्ट्रीय महासचिव ने बसपा में उनका सम्मान सुरक्षित बताया।
मेला मैदान में तीन सुरक्षित विधानसभाओं कस्ता, श्रीनगर और सीतापुर जिले के हरगांव के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने के लिए भाईचारा कार्यकर्ता सम्मेलन किया गया। इसमें मुख्य तौर पर तीनों विधानसभाओं से ब्राह्मण वर्ग के लोगों को बुलाया गया। राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने ब्राह्मणों से कहा कि अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करें, न कि गिरवी रखें। सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय पर आधारित बसपा में ही उनका सम्मान है। सपा सरकार की जमकर खिंचाई करते हुए उन्होंने कहा कि दलित और ब्राह्मण उनके दुश्मन रहे हैं। इसीलिए सरकार में किसी सम्मानित पद पर ब्राह्मण समाज का कोई व्यक्ति नहीं है। उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि जनता की गाढ़ी कमाई से हड़पे गए कालेधन का जब बटवारा नहीं हो सका, तो परिवार में ही महाभारत छिड़ गई। चुनाव नजदीक देखकर फिलहाल नाटकीय ढंग से मामले को आपस में ही शांत कर फिर से जनता को छलने की रणनीति तैयार कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी से कई बेटियां डोली में बैठने से पहले बैंकों में शादी का कार्ड लेकर पैसे निकालने के लिए गिड़गिड़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान और गरीब जनता नोट बंदी से बेहद परेशान है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यूपी में आठ-दस सीटों के लिए सड़कों के किनारे खाट बिछाकर किसानों को कर्जा माफी का लॉलीपॉप दिखाकर गुमराह कर रहे हैं। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष अजय चौधरी, पूर्व मंत्री नकुल दुबे, अनंत मिश्रा, रामहेत भारती, विधायक शमशेर बहादुर, जासमीर अंसारी, ज्ञान वाजपेयी, लखीमपुर प्रत्याशी शशिधर मिश्रा उर्फ नामे महाराज, बीटू पटेल, जीएस सिंह, बीके अग्रवाल, प्रवीण भार्गव, महेश चंद्र मिश्रा, पूर्व सांसद दाउद अहमद, गोपाल नरायन मिश्रा, मोहन वाजपेयी, पूर्व प्रधान फेरूलाल भार्गव, दिनेश भार्गव, कमलेश चौधरी मौजूद रहे।
साइकिल संभालने की औकात नहीं....
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की रथयात्रा पर तंज कसते हुए राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च करके रथ को बनवाया, जो चार कदम नहीं चल सका। उन्होंने कहा कि साइकिल संभालने की औकात नहीं है, लेकिन रथ पर चलना चाहते हैं।
एक किमी पहले रोकी बसें, परेशानी
पुलिस ने मितौली से एक किमी पहले ही मैगलगंज को जाने वाली बसों को रोक दिया, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब दो किमी पैदल चलकर यात्रियों ने दूसरी बस पकड़ी।