स्वर्गीय राजेंद्र गिरि स्टेडियम में चल रहे स्वर्गीय राम रजा देवी फुटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मैच मतीन क्लब भुड़वारा की टीम ने जीत लिया। मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया।
फाइनल यूथ क्लब घोसियाना गोला और मतीन क्लब भुड़वारा के बीच खेला गया। निर्धारित समय में कोई टीम गोल नहीं कर सकी। इस पर ट्राई ब्रेकर का सहारा लेना पड़ा, जिसमें मतीन क्लब भुड़वारा ने 4-1 से जीत दर्ज की। इससे पूर्व मुख्य अतिथि पलिया विधायक रोमी साहनी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और गुब्बारे उड़ाए। समापन पर मुख्य अतिथि ने विजेता को 2100 रुपये और उप विजेता टीम को 1100 रुपये और शील्ड देकर पुरस्कृत किया। आयोजन समिति के सदस्य सदस्य प्रियम शुक्ला ने अपने बाबा की स्मृति में घोसियाना टीम के सर्वोत्तम खिलाड़ी वारिस अली को मोमेंटो, कपिल कुमार निषाद ने स्वर्गीय शारदा प्रसाद और सुरेश कुमार निषाद की स्मृति में गोलकीपर कमाल को स्मृति चिह्न दिया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि मधुसूदन गिरि, आदित्य कुमार पांडे, शकील अहमद, रोमी कक्कड़, विधु शेखर अवस्थी, रिंकू ठाकुर आदि मौजूद रहे।
समापन पर दियाए हैरतअंगेज करतब
गोला गोकर्णनाथ। टूर्नामेंट के फाइनल पर हुए समापन समारोह में पंजाब प्रांत के जालंधर निवासी मोहम्मद अली ने साहसिक करतब दिखाए। उन्होंने शरीर पर ट्रैक्टर चढ़ाया तो सीने पर घन चलवाकर पत्थर तोड़ा। दो बुलेट मोबाइक को मुंह और बाजू से रस्सी बांधकर रोककर दर्शकों को हैरत में डाल दिया। बसपा विधायक रोमी साहनी ने उनके प्रदर्शन की काफी प्रशंसा कर स्मृति चिह्न दिया।
खिलाड़ी का बैग चोरी
गोला गोकर्णनाथ। फुटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेलने आए पंजाबी कॉलोनी निवासी चुनमुन साहनी ने अपना बैग स्टेडियम के एक कोने में रख दिया था। उनके बैग में मोबाइल, जैकेट और कपड़े रखे हुए थे। खेल समाप्ति के बाद जब वह अपना बैग लेने पहुंचे तो वह गायब था।