ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के भल्लिया बुजुर्ग गांव में प्रधानी की हार जीत को लेकर एक समुदाय के घरों पर की जा रही पत्थरबाजी से तंग आकर कई परिवार गांव से पलायन करने की सोच रहे हैं। उन्होंने ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर अपने घरों की दीवारों पर चस्पा किए हुए हैं। जानकारी पर बृहस्पतिवार की शाम गांव पहुंचे एसडीएम, सीओ, एसओ ने लोगों को समझाकर मामला शांत किया। शुक्रवार को दूसरे दिन भी मामला राजनीतिक तूल पकड़ने से गांव में तनाव की स्थिति है। एहतियातन पुलिस बल लगा दिया गया है।
गांव के रामअवतार, मैकूलाल, सनी, विजयपाल आदि का कहना है कि मतगणना में जब से दूसरे समुदाय के प्रत्याशी विजयी घोषित हुए हैं तभी से गांव में कोई न कोई बवाल लगभग रोजाना ही हो रहा है। विजय जुलूस निकालने के बाद उनके घरों पर पथराव किया जा रहा है। तंग आकर उन्होंने गांव से पलायन करने का निर्णय लेकर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर अपनी दीवारों पर चस्पा किए थे। इसकी सूचना जब प्रशासन को मिली तो बृहस्पतिवार की शाम गांव में पहुंचे एसडीएम गोला अखिलेश यादव, सीओ मोहम्मदी, एसओ हैदराबाद अजय कुमार शर्मा ने पोस्टर हटवाकर लोगों को समझाकर शांत किया और उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन पर लोग मान गए।
शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप से यह मामला एक बार फिर तूल पकड़ गया। हिंदूवादी संगठन के नेताओं का कहना है कि हिंदुओं का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। पुलिस ने एहतियातन भल्लिया बुजुर्ग में पुलिस बल लगा दिया है।
एसओ हैदराबाद अजय कुमार शर्मा ने बताया कि गांव में मकान बिकाऊ के कोई पोस्टर लगे नहीं मिले हैं। जिन लोगों ने विजय जुलूस निकाला था उनके खिलाफ महामारी आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर चार लोगों का चालान हो चुका है, अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मामला सियासी तूल पकड़ने लगा है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल लगा दिया गया है।