फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: बेलरायां चीन मिल के लिपिक पर गबन का आरोप, एफआईआर दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
निघासन खीरी। बेलरायां स्थित सरजू सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड के एक लिपिक पर लाखों रुपये का गबन करने के मामले में एफआईआर दर्ज हुई है। गबन का यह मामला पिछले वर्ष का बताया जा रहा है, जिसमें जांच के बाद चीनी मिल प्रशासन ने एफआईआर दर्ज कराई है।
विज्ञापन

बेलरायां चीनी मिल के कैजुअल लिपिक सुमित कुमार वर्मा पर पिछले वर्ष आरोप लगा कि उसने मिल के कैश एंड कैरी खाते से फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से लाखों रुपये का गबन किया है। जब मिल प्रबंधन ने इस मामले की जांच कराई तो सामने आया कि सुमित ने चार जनवरी 2024 को मिल के कैश एंड कैरी खाते से 15 लाख 65 हजार 140 रुपये की रकम चेक के जरिये मेसर्स कुमार प्रॉपर्टी डीलर, लखीमपुर खीरी के खाते में ट्रांसफर करवाई।
हालांकि आठ फरवरी 2024 को यह रकम वापस खाते में जमा कर दी गई, लेकिन असल खेल इसके बाद शुरू हुआ। 16 मई 2024 को वही रकम एक बार फिर चेक के जरिये आरटीजीएस के माध्यम से मेसर्स कुमार प्रॉपर्टी डीलर के खाते में भेज दी गई। इस गबन की रकम का इस्तेमाल सुमित ने प्रॉपर्टी डीलर के जरिये दो प्लॉट खरीदने में किया। यह प्लॉट लखीमपुर के प्यारेपुर, केशवानीपुरम क्षेत्र में स्थित हैं। इन दोनों प्लॉटों की रजिस्ट्री सुमित ने अपने पहचान वाली महिला किरन देवी के नाम पर 11 सितंबर 2024 को करवाई।
विज्ञापन

जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे सुमित की पुरानी करतूतें भी उजागर होती चली गईं। गन्ना विकास विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2021-22 में गन्ना किसानों की मृत्यु के बाद उनके नाम से जारी होने वाले भुगतान चेकों को सुमित ने फर्जी तरीके से रद्द करवा दिया और उन पैसों को अपने पिता राजबहादुर वर्मा और परिचित उत्तम कुमार के खातों में आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर करवा लिया। इसमें सरकारी खाते से कुल तीन लाख 46 हजार 450 रुपये का गबन किया गया।

इस पूरे घोटाले में और भी नाम सामने आए हैं। सुमित के पिता राजबहादुर वर्मा और परिचित उत्तम कुमार के साथ-साथ रेनू और सोनम देवी के नाम भी जांच सूची में दर्ज किए गए हैं। गन्ना विकास विभाग ने इस घोटाले की पुष्टि करते हुए संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की संस्तुति की। साथ ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी समेत सभी उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना भेज दी गई। इसके बाद गन्ना विकास निरीक्षक चंद्र प्रकाश सिंह की तहरीर पर बीती पांच अप्रैल को पुलिस ने इस पूरे मामले में आरोपी लिपिक सुमित कुमार के अलावा किरन देवी, रेनू, सोनम देवी, राजबहादुर, उत्तम कुमार, प्रबंधक इफ्को एमसी क्रॉप, प्रबंधक मेसर्स कुमार प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके विवेचना शुरू की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें