धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल सरकार ने देशभर में बंद पड़ी 133 छोटी भंसार चौकियों में से 18 को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। इसके तहत कंचनपुर जिले के बेलौरी छोटी भंसार कार्यालय को भी फिर से संचालित करने की मंजूरी मिल गई है।
सरकार के इस फैसले से अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ ही वैध व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इन कार्यालयों को इसी महीने से संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
नई नियमावली के तहत भारतीय पर्यटकों को बॉर्डर से नौ किलोमीटर तक दोपहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर भंसार शुल्क से छूट मिलेगी। इससे भारतीय पर्यटक बिना शुल्क नेपाल सीमा में प्रवेश कर सकेंगे।
सीमावर्ती नेपाली नागरिकों को भी राहत दी गई है। वे भारतीय बाजारों से 500 नेपाली रुपये तक की दैनिक उपयोग की वस्तुएं बिना भंसार शुल्क के ला सकेंगे।
स्थानीय लोग इसे सीमावर्ती व्यापार और भारत-नेपाल के आपसी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।