लखीमपुर खीरी। अगले सप्ताह पांच दिन तक बैंक बंद रहेंगे। 26 सितंबर को दो दिवसीय हड़ताल के लिए बैंक बंद होंगे। फिर दो दिन की छुट्टी के बाद बाद 30 सितंबर को बैंक खुलेंगे तो मगर इस दिन भी अर्धवार्षिक समापन होने के कारण बैंकों में लेनदेन नहीं होगा। लिहाजा पांच दिनों तक बैंक बंद होने से आम आदमी के साथ ही कारोबारियों को दिक्कतेें हो सकती हैं।
राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर बैंकों में 26 और 27 सितंबर को हड़ताल का एलान किया गया है। इसके चलते दो दिनों तक बैंक में कोई लेनदेन नहीं होगा। 28 सितंबर को माह का चौथा शनिवार है, जिससे इस दिन भी बैैंक बंद रहेंगे। फिर 29 सितंबर को रविवार का अवकाश रहेगा। 30 सितंबर को बैंक खुलेंगे, लेकिन यह दिन अर्धवार्षिक समापन के लिए तय है, जिससे सामान्य लेनदेन बंद रहेगा। पांच दिनों तक लगातार बैंक बंद रहने से सबसे ज्यादा असर करोबार पर पड़ेगा, क्योंकि 29 सितंबर से नवरात्र प्रारंभ हो रहे हैं। इसलिए आम लोगों को भी दिक्कतें हो सकती हैं। वहीं कई सरकारी विभागों का वेतन भी समय पर न बंटने का अंदेशा जताया जा रहा है। लिहाजा कर्मचारी भी इसको लेकर बेचैन हैं। इसकी वजह भी है कि एक अक्तूबर को बैंक खुलेंगे, लेकिन इस दिन काफी भीड़ रहेगी। इसके अगले दिन दो अक्तूबर को गांधी जयंती होने से फिर एक दिन बैंक बंद रहेगा। ये छुट्टियां नवरात्र व्रत के मौके पर व्यापार करने वाले लोगों पर भी भारी पड़ सकती हैं, क्योंकि 29 सितंबर से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। वहीं इन छुट्टियों में केवल इलाहाबाद बैंक के ग्राहकों को जरूर थोड़ी सी राहत रहेगी, क्योंकि 30 सितंबर को इलाहाबाद बैंक की सभी शाखाओं में लेनदेन होगा।
एटीएम भी दे सकते हैं दगा
पांच दिनों तक लगातार बैंक बंद होने का असर एटीएम पर भी दिखेगा। हड़ताल के दिनों मे 26 और 27 सितंबर को भले ही दिक्कत न आए, लेकिन तीसरे दिन यानी 28 सितंबर से एटीएम कैशलेस हो जाएंगे। वजह है कि एटीएम में दो दिन की कैश क्षमता रहती है। बैंक बंद रहने के दौरान एटीएम में कैश नहीं पड़ पाएगा।
बैंक कर्मियों के संगठन की दो दिवसीय हड़ताल 26 और 27 सितंबर को प्रस्तावित है। इसके बाद 28 और 29 को भी बैंक बंद रहेंगे। 30 सितंबर को बैंक खुलेंगे। इलाहाबाद बैंक की शाखाओं में लेनदेन किया जा सकता है। -जितेंद्र नाथ श्रीवास्तव, एलडीएम
प्रतिदिन 500 करोड़ का लेनदेन होगा प्रभावित
बैंकों की लगातार पांच दिनों तक बंदी रहने से ग्राहकों, कारोबारियों को दिक्कतें आएंगी। वहीं बैंक भी घाटा उठाएंगे। प्रतिदिन 500 से 600 करोड़ रुपये का लेनदेन बैंकों से होता है। हड़ताल और छुट्टियों से प्रतिदिन 500 करोड़ के व्यापार पर असर पड़ेगा। एलडीएम जितेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने बताया कि हड़ताल के चलते पांच दिनों में 2500 करोड़ का व्यापार प्रभावित होगा।
बैंक अधिकारियों की ये हैं प्रमुख मांगे
आल इंडिया इलाहाबाद बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के मंत्री सुरेश भट्ट ने बताया कि बैंकों के विलय का विरोध, वेतन पुनरीक्षण, सप्ताह में पांच दिन काम, सभी कैडरों के पदों पर भर्ती, एपीए खाताधारकों के नाम सार्वजनिक करने, ग्राहकों पर लगने वाला सर्विस चार्ज कम करने आदि मांगे हैं।