दीप प्रज्वलित करते श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय स्रोत : बजरंग दल
लखीमपुर खीरी। बजरंग दल के प्रांतीय अभ्यास वर्ग के अंतिम दिवस विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं श्री राम जन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बजरंग दल की स्थापना का जिक्र किया। कहा कि सेवा, सुरक्षा, संस्कार का उद्देश्य लेकर बजरंग दल सभी आपदाओं का मुकाबला करता है। कार्यकर्ता हर गरीब और हिंदू के साथ खड़ा रहता है।
सरस्वती विद्या मंदिर लखीमपुर के परिसर में हो रहे अभ्यास वर्ग के अंतिम दिन के प्रशिक्षण का शुभारंभ नैमिषारण्य-मिश्रिख चौरासी कोसी परिक्रमा के सचिव व खट दर्शन अखाड़ा के राष्ट्रीय महामंत्री संतोष दास खाकी ने किया। इस मौके पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सीखे हुए कार्यों को प्रदर्शित किया।
केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि जिस समय राम जन्मभूमि आंदोलन चल रहा था। अयोध्या से दिल्ली जाना था। जनमानस सड़कों पर था। कौन व्यवस्था करे, चार-पांच दिन हो चुके थे। तब संतों ने विचार किया कि देश और हिंदू समाज की सुरक्षा के लिए इस देश के नव युवकों को आगे आना चाहिए। उसी समय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बजरंग दल ने काम करना प्रारंभ किया।
अवध प्रांत के 25 जिलों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कार्यकर्ता अपना पैसा व किराया लगाकर आठ दिन से देश सेवा सीख रहे हैं। खट दर्शन अखाड़ा के राष्ट्रीय महामंत्री संतोष दास ने कहा कि जिन लोगों ने मुगलों के अत्याचार से पीड़ित होकर हिंदू धर्म छोड़ दिया था। आज उनके लिए अच्छा अवसर है। वो विश्व हिंदू परिषद के माध्यम से घर वापसी करें, हम उनका स्वागत करेंगे।
इस मौके पर प्रांत प्रचार प्रमुख आचार्य संजय मिश्रा, केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय गौसेवा प्रमुख दिनेश उपाध्याय, प्रांत उपाध्यक्ष राज देव सिंह, प्रांत मंत्री देवेंद्र, विपुल सिंह, अनुज तिवारी आदि मौजूद रहे।