मुख्य प्रभारी अधिकारी निर्वाचन व्यय ने नोटिस जारी करने के लिए लिखा
व्यय लेखा जांच के पहले चरण में दूसरे दिन चार विधानसभाओं धौरहरा, लखीमपुर, कस्ता और मोहम्मदी क्षेत्र के 12 प्रत्याशियों ने ब्यौरा प्रस्तुत नहीं किया। लिहाजा इन प्रत्याशियों के खिलाफ नोटिस जारी करने के लिए मुख्य प्रभारी अधिकारी निर्वाचन व्यय लेखा ने संबंधित आरओ को पत्र लिखा है।
मुख्य प्रभारी अधिकारी निर्वाचन व्यय लेखा संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र धौरहरा, लखीमपुर, कस्ता और मोहम्मदी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को रविवार को व्यय लेखा प्रस्तुत करने का समय निर्धारित था। इसमें व्यय लेखा जांच में कुल 12 प्रत्याशी अनुपस्थित रहे। धौरहरा विधानसभा में कुल आठ प्रत्याशी हैं, जिसमें एक शिवसेना के प्रत्याशी कपिल कटियार अनुपस्थित रहे। लखीमपुर विधानसभा में कुल नौ प्रत्याशी हैं, जिसमें निर्दलीय पारो किन्नर, महिला सशक्तिकरण पार्टी की ऊषा देवी अनुपस्थित रहीं। कस्ता विधानसभा से कुल छह प्रत्याशी हैं, जिसमें बसपा के राजेश कुमार, भाकपा के अरविंद कुमार और निर्दलीय रमेश चंद्र अनुपस्थित रहे। मोहम्मदी विधानसभा में कुल 12 प्रत्याशी हैं, जिसमें भारतीय कृषक दल की रामरती, निर्दलीय रचना शर्मा, जन अधिकार मंच के आदेश कुमार, स्वराज पार्टी आफ इंडिया की साजिया खातून, राष्ट्रीय जनाधिकार पार्टी के हरिशंकर और राष्ट्रीय लोकदल की रामबेटी शर्मा अनुपस्थित रहीं। उन्होंने संबंधित विधानसभा के रिटर्निग आफीसर को अनुपस्थित उम्मीदवारों को नियमानुसार नोटिस जारी करने के लिए पत्र लिखा है।
अब आठ और नौ को देना होगा ब्यौरा
विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को व्यय लेखा विवरण जमा करने के दूसरे चरण में आठ और नौ फरवरी 2017 को ब्यौरा देना होगा। इस संबंध में सभी प्रत्याशियों को सूचना दे दी गई है।