पसगवांं। थाना क्षेत्र के ग्राम कमतरा में पारिवारिक विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की पत्नी को मारपीट कर फंदे पर लटकाकर उसे मार डालने का प्रयास किया। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सरोजनी पत्नी गुलाब सिंह ने आरोप लगाया है कि 20 जुलाई को उसके खेत में जेठ सोनपाल सिंह जानवर चराने लगे। उसके मना करने पर गाली-गलौज करते हुए कहा कि पूरा खेत चरा देंगे। वह घर में अकेली थी, उसके पति बाहर गए थे। आरोप है कि शाम को सोनपाल अपनी पत्नी सोनी के साथ शराब के नशे में आया और लात घूसों से मारने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने सरोजनी की साड़ी का ही फंदा उसके गले में बांधकर छत से लटका दिया। किसी तरह उसकी बेटी महक ने हंसिया लेकर साड़ी को काटा। शोर सुनकर उसके सबसे बड़े जेठ राजवीर सिंह ने आकर उसकी जान बचाई, इससे वह बेहोश हो गई थी। राजवीर उसको लेकर अस्पताल गए। दो दिन बाद उसकी तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।