धौरहरा। ईसानगर थाना के गांव खजुहा निवासी इदरीश ने रंजिशन धारदार हथियार मारकर घायल करने के आरोप में सीतापुर निवासी दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इदरीश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि नदी के दूसरे किनारे के पास उनकी जमीन है। सीतापुर के गांव सियापुर थाना तंबौर निवासी जाकिर और राजू उसको कब्जाना चाहते हैं।
आरोप है कि रंजिश मानते हुए बृहस्पतिवार को दोनों आरोपी अपने हाथों में कुल्हाड़ी और गड़ासा लेकर इदरीश के घर जाकर गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित के पिता सुबराती ने विरोध करने पर आरोपियों ने कुल्हाड़ी मारकर उनको घायल कर दिया। बीच-बचाव करने गईं उनकी मां हलीमा और भाई फैमुद्दीन को भी पीटा। पुलिस ने घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक ईसानगर देवेंद्र गंगवार ने बताया, मामले की विवेचना की जा रही है। संवाद