पलियाकलां। ग्राम पंचायत बड़ागांव के धोबिनपुरवा गांव में दिवाली की देर शाम पटाखे छुड़ाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक परिवार पर हमला कर दिया गया।
आरोप है कि विपक्षियों ने मुकेश दिवाकर के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। इसके बाद परिवार के महिला-पुरुषों समेत करीब सात लोगों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। आरोपित घर में रखे दो हजार रुपये और एक मोबाइल फोन भी ले गए।
पीड़ित के अनुसार, दिवाली के दिन मुकेश दिवाकर का 18 वर्षीय पुत्र निहाल दिवाकर घर के सामने पटाखे और फुलझड़ियां छुड़ा रहा था। इसी दौरान विपक्षियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर वे घर में घुस गए और मारपीट व तोड़फोड़ करने के साथ आग लगा दी।
घटना के बाद परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
पीड़ितों का आरोप है कि रात करीब 1:30 बजे शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे तो उन्हें सुबह आने के लिए कहा गया। सुबह तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई। परिवार ने सीओ कार्यालय पहुंचकर भी कार्रवाई की मांग की।
घायलों में मुकेश दिवाकर (40) पुत्र पुतान दिवाकर, निहाल दिवाकर (18), चुन्नी देवी (45), छोटी (65), लक्ष्मी देवी (30) और सुरेश (35) शामिल हैं। इस मामले में सीओ शिवम कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायल युवक
घायल युवक