बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। खाली कराई गई वन भूमि पर सीमांकन कराने और सुरक्षा खाई खोदने के लिए पहुंची वन विभाग की टीम पर बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन को तोड़ दिया, चालक और वन कर्मियों की पिटाई भी की। इसके चलते वन विभाग की टीम को पीछे हटना पड़ा। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए पीएसी बुला ली गई है।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की उत्तर निघासन रेंज के रन नगर वन ब्लॉक में मंगलवार को वन विभाग ने लंबे अरसे से अवैध कब्जे में चली आ रही 325 हेक्टेयर वन भूमि खाली कराने के साथ नपत कराकर सीमांकन का काम शुरू कर दिया था लेकिन शाम होने पर काम रोक दिया गया था। बुधवार को वन कर्मियों की टीम पुलिस फोर्स के साथ सुरक्षा खाई खोदने के लिए जेसीबी मशीन आदि लेकर पहुंची। उन्होंने काम शुरू ही किया था कि काफी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और बच्चे लाठी-डंडों और धारदार हथियार लेकर वहां जा पहुंचे और टीम पर हमला कर दिया। भीड़ में शामिल लोगों ने जेसीबी मशीन तोड़ डाली। चालक और वन कर्मियों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे वे घायल हो गए। किसी तरह भागकर वन कर्मियों ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। जिस पर एसडीएम निघासन ओपी गुप्ता, एसडीओ जेपी श्रीवास्तव, रेंजर दिनेश बड़ोला पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। उनके समझाने के बाद ग्रामीण शांत नहीं हुए। हालात बिगड़ते देख जिला प्रशासन ने पीएसी बुला ली।
रन नगर वन ब्लॉक में मंगलवार को अवैध कब्जे से खाली कराई गई वन भूमि पर सीमांकन और सुरक्षा खाई खोदने का कार्य चल रहा था। इसी बीच सैकड़ों ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। उन्होंने जेसीबी मशीन में तोड़-फोड़ की और वन कर्मियों को भी चोट पहुंचाई। हमलावरों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. अनिल कुमार पटेल, उपनिदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व, बफरजोन