पलियाकलां। बुधवार को अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन ने चाबुक चलाते हुए सड़क किनारे से अतिक्रमण हटवाया। इसमें छोटे-बड़े किसी भी अतिक्रमणकारी को नहीं बख्शा गया। यहां तक कि पंजाब नेशनल बैंक के बाहर रखा जनरेटर भी जेसीबी मशीन से हटवा दिया। इस दौरान अफरातफरी रही।
सड़क किनारे अतिक्रमणकारी रास्तों को बाधित करते हैं जिससे लोगों को निकलने में दिक्कत आती है। इधर लखीमपुर से दुधवा तक रोड चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। इसको लेकर रोड किनारे ठेले, दुकानों से रोड चौड़ीकरण कार्य में भी बाधा आ सकती है। इसी को देखते हुए बुधवार के सीओ राकेश कुमार नायक, इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला, पालिका ईओ महेंद्र चौधरी के साथ ही भारी पुलिस ने सिनेमा चौराहे से लेकर बाईपास रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इसमें जेसीबी मशीन से दुकानों के आगे के अतिक्रमण को हटाया गया। यहां तक कि पंजाब नेशनल बैंक के बाहर रखा जनरेटर भी हटाया गया। इसमें गरीब तबके के दुकानदारों को जहां दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं अतिक्रमण अभियान से अतिक्रमणकारियों में भी हड़कंप मचा रहा। देर शाम तक अभियान जारी रहा।