पलियाकलां। सोशल मीडिया पर समाज कल्याण विभाग के सहायक विकास अधिकारी के मुंशी की लाभार्थी के साथ बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है।
जिसमें मुंशी द्वारा एक हजार रुपये की मांग की जा रही थी। जांच के बाद बीडीओ ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी है। हालांकि अभी मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है।
बीडीओ संगीता यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर अतरिया के श्रीनगर निवासी साहब लाल व विमल कुमार का एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें एक हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
मामले में उन्होंने जांच की गई तो पाया गया समाज कल्याण विभाग के सहायक विकास अधिकारी विजय कुमार गुप्ता पलिया ब्लाॅक में तैनात हैं और विमल कुमार नाम का व्यक्ति उनका प्राइवेट मुंशी हैं।
विमल कुमार द्वारा आवेदन के सत्यापन में कर्मचारियों के नाम पर रुपये वसूले जा रहे हैं। जिससे विकास खंड की छवि धूमिल हो रही है। मामले में पुलिस को उक्त विमल कुमार पर एफआईआर दर्ज करने की तहरीर दी गई है।
इस बारे में हालांकि पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है। कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है और वह बैठक में हैं। मामले को दिखवाया जाएगा।