निघासन। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में एक जागरूकता गोष्ठी हुई। इसमें एक जुलाई से चलने वाले विशेष अभियान को लेकर चर्चा की गई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार ने लोगों को साफ-सफाई रखने, दूषित पानी न पीने और समय पर इलाज कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। उन्हें संदिग्ध मरीजों की सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को देने के लिए कहा।
गोष्ठी में बीडीओ जयेश कुमार सिंह ने कहा कि अभियान में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पशुपालन और विकास विभाग मिलकर समन्वित प्रयास करेंगे। बरसात के मौसम में संक्रामक रोगों के प्रसार की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में सभी विभागों की भूमिका बेहद अहम हो जाती है।
खान-पान की चीजों को ढककर रखें
पलियाकलां। नगर पालिका के सभागार में संचारी रोगों से संबंधित बैठक पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी देवी गुप्ता व ईओ विजय बहादुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें सीएचसी के बीपीएम पंकज अस्थाना व काउंसलर अंकित दीक्षित ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए मोहल्लों में साफ-सफाई के साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए फाॅगिंग जरूरी है। खानपान की चीजों व पानी को ढककर रखें, ताकि उसमें किसी प्रकार के कीटाणु न पहुंच सके।
नगर पालिकाध्यक्ष ने सभी सदस्यों को अपने-अपने वार्डों के सफाईकर्मियों से तलीझाड़ सफाई करवाने के निर्देश दिए। साथ ही अगर कहीं कोई समस्या आ रही है तो उनसे संपर्क करने की बात भी कही। दवाइयों के छिड़काव कराने के भी निर्देश अधीनस्थों को दिए गए। संवाद