पसगवां। पुलिस चौकी ताजपुर क्षेत्र में हथियारों से लैस दबंगों ने जेसीबी की मदद से दो मकान और एक दुकान को जबरन ढहा दिया। पीड़ितों ने इस बात की शिकायत पुलिस से की तो पुलिस ने चार नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी हिरासत में होंगे।
मकान और दुकान ढहाने का सिलसिला बुधवार को रात 11 बजे शुरू हुआ। ददबंगों ने ग्राम मोहम्मदपुर ताजपुर निवासी सलमा पत्नी जाहिद खां, जैबुन्निशा पत्नी जहूर का मकान, फुरकान की दुकान ढहा दी और मलबा भी उठा ले गए। भुक्तभोगियों का कहना है कि मकान, दुकान गिराकर जमीन पर कब्जा करने वाले काफी संख्या में आए लोग अवैध असलहे सहित अन्य हथियार साथ लाए थे।
भुक्तभोगी सलमा ने चार नामजदों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुरपेज सिंह, अफसर अली, चांद बाबू व वाजिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रविंद्र सोनकर का कहना है कि तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।