पलियाकलां। महिलाएं अत्याचार के खिलाफ कानून की सहायता लेकर आवाज उठाए। छात्राओं को अगर कोई अराजक तत्व परेशान कर रहे हैं तो उनको सबसे पहले सूचना अपने परिजनों को देकर पुलिस के सहयोग से समस्या का निराकरण करना चाहिए। यह बात मंगलवार को अमर उजाला के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स मुहिम के तहत गुरुकुल एकेडमी स्कूल में आयोजित की गई
‘महिला सशक्तीकरण और कानून’ विषयक गोष्ठी में एसडीएम पूजा यादव ने कही।
सीओ प्रदीप कुमार यादव ने छात्राओं को महिलाओं कानून से संबंधित कई जानकारियां देते हुए कहा कि अगर किसी महिला व बालिका के साथ गलत हो रहा है तो उसकी भी आप लोग ही आवाज बनें ताकि भविष्य में अत्याचार करने वालों का मनोबल टूट सके। इसमें पुलिस आपका हर तरह से सहयोग करेगी। अत्याचार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, चुपचाप न बैठें।
नगर चौकी इंचार्ज केके यादव ने कहा कि पुलिस की वूमेन पावर लाइन, कंट्रोल रूम की सेवा हर समय उपलब्ध रहती है जिसका लाभ छात्राएं ले सकती हैं। वूमेन पावर लाइन में अगर कोई शख्स आपको परेशान कर रहा है तो चुप न रहें और 1090 पर कॉल करें आपका नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा तथा उक्त व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा कि नाम ओपन होने का खतरा बालिकाओं व छात्राओं को होता है लेकिन पुलिस की इस सेवा में आपका नाम पूरी तरह से गोपनीय रहेगा। अंत में स्कूल प्रबंधक मुकेश अग्रवाल, थाना पुलिस से अतुल यादव, पूनम व नीलम आदि मौजूद रही।
यूपी कॉप ऐप की लें मदद
पुलिस की तरफ से एक यूपी कॉप ऐप की शुरुआत की गई है जिसमें 27 विकल्प दिए गए हैं इसका लाभ कोई भी उठा सकता है। गूगल प्ले स्टोर में जाकर इसको डाउनलोड करने के बाद आईडी आदि बनाकर इसको जनरेट किया जाता है। इससे आपकी एफआईआर भी ऑनलाइन लिखी जा सकती है। बताया कि इस समय साइबर क्राइम ज्यादा होने लगे हैं जिससे बचने के लिए आपको सतर्कता बरतनी पड़ेगी। सर्फिंग करते समय आने वाले अनावश्यक पॉप अप्स/विज्ञापनों पर क्लिक न करें, ओटीपी किसी को न बताएं, अंजान नंबरों से आने वाली कॉल रिसीव न करें, सोशल साइट पर पर्सनल जानकारी व आवश्यक फोटो न डालें, अपरिचित साइटस को विजिट न करें व उनके साफ्टवेयर डाउनलोड न करें।
अभिभावक व शिक्षकों से खुलकर बताएं
सीओ प्रदीप कुमार यादव व नगर चौकी इंचार्ज केके यादव ने कहा कि यदि आपका कोई जानने वाला छेड़खानी करता है, कहीं आने-जाने पर कोई फब्तियां कसता है, हाथ पकड़ने का प्रयास करता है तो उसके बारे में अपने अभिभावक व शिक्षकों से खुलकर बताएं। इसके बाद पुलिस से मदद लें, पुलिस हमेशा आपकी मदद के लिए तत्पर है।
छात्राओं ने उठाई समस्या
हमारे एरिया में चार स्कूल हैं, इस एरिया में शराब की भट्ठियां है वह नहीं होनी चाहिए। बसें जब निकलती हैं तो छोटे-छोटे बच्चों का ध्यान भी भट्ठियों की तरफ जाता है जिससे उनपर गलत असर पड़ता है। इन भट्टियों को स्कूली क्षेत्र में बंद कराया जाना चाहिए।
छात्रा-यशनूर ढिल्लो,कक्षा 11
छुट्टी के समय भारी संख्या में स्कूलों के बाहर कुछ लड़कों के डेरे लगे रहते हैं। जिनको कम से कम पांच सौ मीटर की दूरी पर होना चाहिए। जिससे आने-जाने वाली बालिकाओं व छात्राओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। छुट्टी के समय स्कूलों के बाहर एक सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी तैनात कराई जाए।
छात्रा खुशप्रीत कौर,कक्षा 11