पलिया तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपती ऐपवा की जिलाध्यक्ष आरती राय।
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। हाथरस, बलरामपुर, भदोही के अलावा खीरी में महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं को लेकर अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) ने शुक्रवार को नसीरुद्दीन मौजी मैदान में प्रदर्शन कर आक्रोश मार्च निकाला। साथ ही मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की गई।
प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा अधिकारी ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार में बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। हाथरस की घटना ने मानवीय संवेदना की सभी सीमाएं तोड़ दी। उन्होंने कहा कि सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के बाद जिस तरह से पुलिस ने शव का रात में ही दाह संस्कार किया, बलात्कार के आरोप को नकारा वह बेटियों और महिलाओं के प्रति योगी सरकार के दृष्टिकोण को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐपवा महिला हिंसा के विरोध में आवाज उठाकर आंदोलन जारी रखेगी। श्रीनाथ, तपेश्वरी देवी, सावित्री, अनीता, रामदरश आदि मौजूद रहे।
पलियाकलां। ऐपवा की जिला अध्यक्ष आरती राय के नेतृत्व में कई महिलाएं तहसील पहुंचीं। यहां राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम डॉ अमरेश कुमार को दिया। जिसमें कहा गया है कि आज प्रदेश की महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस कर रहीं हैं। ज्ञापन में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे देने की मांग की गई। साथ ही हाथरस कांड में शामिल दोषियों को कड़ी सजा दिलाने, परिजन की गैरमौजूदगी में शव जलाने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने समेत कई मांगें रखीं गईं। इस दौरान सुधा सिंह, तेतरी देवी, राजकुमारी, रमावती, जयकुमारी, शिव कुमारी, मीरा देवी, आईसा के अजय शर्मा, शुभम यादव, मंदीप कुमार, भाकपा और किसान नेता कमलेश राय मौजूद रहे।