लखीमपुर खीरी। जिले के डिग्री कॉलेजों में स्नातक और परास्नातक प्रवेश प्रक्रिया जारी है। युवराज दत्त महाविद्यालय (वाईडीसी) ने प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जुलाई कर दी है। आर्यकन्या डिग्री कॉलेज में आवेदन 11 जुलाई तक लिए जाएंगे। पहली मेरिट सूची 13 जुलाई को जारी होगी।
वाईडीसी के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि प्रवेशार्थियों की सुविधा को देखते हुए तीसरी बार प्रवेश तिथि बढ़ाई गई है। अभ्यर्थी महाविद्यालय से प्रवेश विवरणिका प्राप्त कर वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद प्रथम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
वाईडीसी में बीए की 1320, बीकॉम की 360, बीएससी की 600, बीएड की 50, एमए दर्शनशास्त्र की 60, एमए अंग्रेजी की 60, एमए राजनीति विज्ञान की 120, एमए हिंदी की 60, एमए अर्थशास्त्र की 60, एमए इतिहास की 60, एमकॉम की 60 तथा एमएससी बॉटनी की 20 सीटों पर प्रवेश होंगे।
आर्यकन्या डिग्री कॉलेज की प्राचार्य गीता शुक्ला ने बताया कि छात्राएं 11 जुलाई तक वेबसाइट bakpgcollege.co.in ऑनलाइन पंजीकरण करा सकती हैं। पहली वरीयता सूची 13 जुलाई को जारी होगी। सूची में शामिल छात्राओं को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। रिक्त सीटों के लिए दूसरी वरीयता सूची जारी की जाएगी।
आर्यकन्या डिग्री कॉलेज में स्नातक स्तर पर हिंदी की 340, अंग्रेजी की 200, संस्कृत की 50, दर्शनशास्त्र और मनोविज्ञान की 150-150, अर्थशास्त्र की 180, राजनीति शास्त्र की 270, चित्रकला की 184 तथा संगीत वादन और गायन की 30-30 सीटों पर प्रवेश होंगे।