पुलिस को देखकर भागता आरोपी। स्रोत सीसीटीवी फुटेज
- फोटो : टूंडला में रिमझिम बरसात के बीच सुहाना हिल स्टेशन जैसा नजारा संवाद
निघासन। फूलबेहड़ क्षेत्र में दर्ज गोकशी के मामले के एक वांछित आरोपी को पकड़ने के दौरान बृहस्पतिवार शाम रकेहटी चौराहे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। आरोपी के पीछे दौड़ रही पुलिस का घटनाक्रम पास में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि आरोपी पुलिस की सरकारी गाड़ी से उतरकर भागा था। हालांकि, पुलिस ने इस दावे का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह निराधार बताया है।
फूलबेहड़ कोतवाली क्षेत्र के नियामतपुर गांव में बुधवार को हुई गोकशी के मामले में पुलिस ने 10 नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। अब तक दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
इसी क्रम में पुलिस पढ़ुआ थाना क्षेत्र के रायपुर सोठियाना निवासी वांछित आरोपी मोबिन की तलाश कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस रकेहटी चौराहे पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
गोकशी के मामले में वांछित आरोपी की तलाश में पुलिस रकेहटी चौराहे पहुंची थी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्काल पीछा कर उसे पकड़ लिया। सरकारी वाहन से आरोपी के भागने की बात पूरी तरह निराधार है।
-पवन गौतम, एएसपी पूर्वी