निघासन। सोमवार को ढखेरवा-लखीमपुर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुए हादसे में इलाज के दौरान चालक की भी मौत हो गई, जबकि इससे पहले एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक ही गांव के दो लोगों की मौत से गांव में सन्नाटा है।
गांव घनश्याम पुरवा निवासी छड़ीराम ने बताया कि सोमवार की शाम करीब पांच बजे गांव के ही आदर्श कुमार (45) अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर शिवकुमार, नंदकिशोर, रामकिशोर, पंकज, प्यारे और मंत्री को लेकर धौरहरा कोतवाली के गांव मल्लबेहड़ गन्ना छीलने के लिए जा रहे थे। इसी बीच मल्लबेहड़ और ढखेरवा के बीच तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने ओवरटेक करते वक्त ट्रैक्टर में टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में ट्रॉली पर सवार रामकिशोर और ट्रैक्टर चालक आदर्श को गंभीर चोटें आईं, जबकि पंकज की मौके पर ही मौत हो गई। आदर्श को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक मजदूर रामकिशोर का अभी इलाज चल रहा है। संवाद