धौरहरा/निघासन (लखीमपुर खीरी)। पढुआ थाना क्षेत्र के गांव प्रेमनगर में रामसुधार की पत्नी झुनकी देवी (56) की हंसिये से गले पर वार करके हत्या कर दी गई। रविवार रात उसका शव खेत में मिलने के बाद नामजद कराई गई गांव की ही इंद्रावती ने पुलिस के समक्ष हत्या करना स्वीकार किया। पति से प्रेम संबंधों से उपजी नाराजगी में इंद्रावती ने उसकी जान लेने की बात कही है।
रामसुधार ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि रविवार शाम उसकी पत्नी झुनकी देवी गांव के बाहर शौच के लिए गई थी। काफी देर बाद भी नहीं लौटी तो तलाश करने पर रात को उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर लालबहादुर की नामजद पत्नी इंद्रावती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बताया कि उसने खेत में आई झुनकी देवी के गले पर हंसिये से कई प्रहार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
कत्ल के बाद इंद्रावती पहुंच गई घर
लालबहादुर और झुनकी देवी के घर के बीच दूरी सौ-डेढ़ सौ मीटर है। जिस खेत में घटना हुई, वह भी झुनकी देवी के घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। पुलिस के अनुसार, झुनकी देवी की हत्या करने के बाद इंद्रावती अपने घर आ गई।
वर्जन
इंद्रावती को पति के झुनकी देवी के साथ अवैध संबंध होने का भी शक था। इसी वजह से उसने हत्या किए जाने की बात स्वीकार की है। पीड़ित परिवार ने इंद्रावती की बेटी को भी नामजद किया है। पूरी पूछताछ के बाद ही इंद्रावती को कोर्ट में पेश किया जाएगा। - शिवम कुमार, सीओ निघासन