लालपुर से मतदान केंद्र हटाकर झंडी में किए जाने से नाराज लालपुर ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने एडीओ पंचायत का घेराव कर हंगामा काटा। मौके की नजाकत को समझते हुए एडीओ पंचायत वहां से खिसक गए पर ग्रामीण उनका तलाश करके तहसील ले गए। एसडीएम पीके सिंह ने एडीओ पंचायत को फटकार लगाते हुए मंगलवार देर शाम तक लालपुर में मतदान केंद्र बनाने का आदेश दिया है। मंगलवार देर शाम तक ब्लाक में ग्रामीण डटे थे।
लालपुर ग्राम पंचायत में एक दर्जन मजरे हैं। छह हजार मतदाता वाली इस ग्राम पंचायत में झंडी में छह और लालपुर में दो मतदान केंद्र बनाए जाते हैं। लालपुर, मंझिलीपुरवा, बुद्धापुरवा, मुन्नादास पुरवा, बिचपरी, तमोलिन पुरवा, चंदन पुरवा, गौढ़ीपुरवा के लोगों को झंडी की दूरी चार से पांच किलोमीटर दूर पड़ती है। यहां के ग्रामीणों ने लालपुर में दो के स्थान पर चार केंद्र बढ़ाए जाने की मांग की थी। मतदान केंद्र तो नहीं बढ़े, लेकिन वह दोनों मतदान केंद्र लालपुर से काटकर झंडी में जोड़ दिए गए। इस बात की भनक लगने पर ब्लाक में सुबह ही सैकड़ों की तादात में ग्रामीण एकत्रित हो गए। वहां बीडीओ तेजवंत सिंह के न मिलने पर वह लोग एडीओ पंचायत कार्यालय पहुंचे। एडीओ पंचायत कार्यालय पर ग्रामीणों ने हंगामा काटा। मौके की नजाकत को देखते हुए एडीओ पंचायत खिसक गए। एडीओ पंचायत को तलाश कर ग्रामीण पंचायत सेक्रेटरी सुरेश के कार्यालय पहुंचे। वहां पर उनको पकड़कर तहसील लेकर आए। ग्रामीणों का आरोप है कि झंडी के कुछ लोग मतदान के दिन मनमाने ढंग से वोट डलवाते हैं, जिसके चलते वह लोग केंद्र झंडी में बनवाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान सुरेश कुमार, रामनरेश यादव, शिवसागर, भगौती, मुन्ना, अजीजुद्दीन, वसीउद्दीन, इनायत अली, गुलाम रसूल, कैसर जहां, कांती देवी आदि लोग मौजूद थे।