भीखमपुर। खेत का सीमांकन नहीं होने से नाराज एक युवक बृहस्पतिवार को कस्बे के चौराहे पर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक करीब दो घंटे तक वहीं पर बैठा रहा और आत्महत्या की धमकी देता रहा। मौके पर पहुंचे तहसीलदार शशांक मिश्रा और एसएचओ महेश पाठक ने निष्पक्ष सीमांकन कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद युवक नीचे उतरा।
कस्बा निवासी नवनीत अपनी चाची सरोजनी देवी के खेत का सीमांकन नहीं होने से कानूनगो से नाराज था। आरोप है कि कानूनगो प्रेम प्रकाश अग्निहोत्री लगातार सीमांकन को टाल रहे थे। बृहस्पतिवार को सीमांकन के लिए पहुंचने पर 50 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया गया।
नवनीत का कहना था कि जब तक सीमांकन को लेकर उचित आश्वासन नहीं मिलेगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार शशांक मिश्रा और एसएचओ मितौली महेश पाठक ने समझाकर युवक को नीचे उतरवाया।
किसान सुशीला देवी की तहरीर पर खेत गाटा संख्या 368 के सीमांकन को लेकर धारा 24 के तहत 28 फरवरी को कोर्ट से आदेश पारित हुआ था। इसके बाद भी राजस्व विभाग की टीम खेत की नाप नहीं कर सकी। बृहस्पतिवार को कानूनगो प्रेम प्रकाश अग्निहोत्री सीमांकन के लिए पहुंचे थे, तभी पड़ोसी किसान दन्नू से विवाद हो गया। इससे परेशान होकर नवनीत मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
मौके पर नायब तहसीलदार शशांक मिश्रा ने सुशीला देवी के प्रार्थनापत्र पर निष्पक्ष सीमांकन के लिए नई टीम जल्द गठित करने का आश्वासन दिया। साथ ही कानूनगो पर घूस मांगने के आरोप की जांच कराने की बात कही।