लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमकोटवा निवासी योगेश वर्मा पर ससुराल पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर गोली चला दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
योगेश वर्मा ने बताया कि करीब 10 माह पहले उसने संजीवनी रस्तोगी से प्रेम विवाह किया था, जिससे ससुराल पक्ष नाराज रहता था। आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब 5:40 बजे वह बाइक से बनवारीपुर के पास से गुजर रहा था, तभी ससुर कृष्ण गोपाल रस्तोगी और साले रवि रस्तोगी स्कूटी से पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया।
दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कृष्ण गोपाल रस्तोगी ने तमंचे से फायर कर दिया, लेकिन गोली नहीं लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी भाग गए। इस दौरान उनकी बाइक मौके पर छूट गई, जिसे पुलिस चौकी महेवागंज ने कब्जे में ले लिया।
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।