कुम्भी चीनी मिल गेट पर घटतोली को लेकर किसानों ने हंगामा काटा, जिससे रात 8.30 बजे से एक बजे तक करीब साढ़े चार घंटे तक मिल बंद रही। किसानों ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
गांव धुमराडीह के नरेश सिंह भदौरिया का पुत्र अतुल कुमार सिंह गन्ने से भरी ट्राली लेकर कुंभी चीनी मिल गेट पर गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे पहुंचा। मिल गेट पर ट्राली तौली गई, जिसका वजन 96 क्विंटल 43 किलो हुआ, जबकि उसने धर्मकांटे पर इसी ट्रॉली का वजन कराया तो 102.90 क्ंिवटल था। इसी बात को लेकर किसानों से मिलकर्मियों की नोकझोंक होने लगी, देखते देखते वहां किसानों की भीड़ लग गई। किसाना का आरोप है कि इसी दौरान मिल कर्मियों ने उसकी ट्रॉली का गन्ना उतार लिया तो अतुल मिल के डोंगे में कूद गया, उसे किसी तरह किसानों ने बाहर निकाला। बहरहाल रात करीब एक बजे पुलिस मौके पर पहुंची तब जाकर मामला शांत हुआ। इस मौके पर श्रवण कुमार, अनुज कुमार, मुंशीलाल, राजेश, दाताराम, धनपत, अशर्फी, यज्ञ प्रकाश, हीरा सिंह आदि किसान मौजूद रहे।
वरिष्ठ महाप्रबंधक, कुंभी चीनी मिल दिलीप अग्रवाल ने बताया कि किसान मिल पर पर्चियों के लिए दबाव बना रहा है, इसलिए घटतौली का आरोप लगा रहा है। केंद्र पर घटतौली नहीं होती। कांटा बांट रखे हैं। कोई भी किसान इसे चेक कर सकता है। बाद में किसान ने समझौता कर लिया है।