मितौली (खीरी)। पिता के साथ कन्नौज के मेहंदीघाट से गंगाजल लेकर लौट रहे डहर गांव निवासी अनिकेत उर्फ हैप्पी (6) की ट्रैक्टर से गिरकर पीछे जुड़ी ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा हरदोई जिले में हुआ।
बेटे अनिकेत के साथ रामलखन डहर और रामखेड़ा गांव के करीब 45 लोग संग कांवड़ यात्रा पर गए थे। कांवड़ भरने के बाद सभी कांवड़िये अवधेश के ट्रैक्टर में जोड़ी गईं दो ट्रॉलियां पर बैठकर गोला के लिए रवाना हुए। अनिकेत ट्रैक्टर पर बैठा था। कन्नौज मार्ग पर हरदोई जिले में जलालपुर के विद्युत उपकेंद्र के पास अनकेत नीचे गिर गया और पीछे जुड़ी ट्रॉली की चपेट में आ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अनिकेत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मितौली के सीओ यादुवेंद्र यादव ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम के बाद रविवार शाम चार बजे अनिकेत का शव गांव पहुंचा। वहां परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है।