धौरहरा कोतवाली में बच्चे के साथ चाइल्ड केयर टीम। संवाद
धौरहरा। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव सरसवा के एक खेत में आठ माह का बच्चा पड़ा मिला। एक महिला ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को खेत से लाकर उपचार कराने के बाद चाइल्ड केयर टीम की सौंप दिया।
गांव सरसवा निवासी अनिल के गन्ने के खेत में एक आठ महीने का मासूम बच्चा रोता दिखाई दिया। गांव की सीता देवी ने आसपास देखा, जब बच्चे के मां-बाप नहीं मिले तो वह उसे घर ले आईं। बच्चे का निजी चिकित्सक से इलाज करवाया। ग्राम प्रधान के पति इंद्रेश कुमार वर्मा के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चे की पहचान करवाने का प्रयास किया, साथ ही मामले की जानकारी चाइल्ड केयर के अधिकारियों को दी। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे लखनऊ से आई सोनी नाम की एक महिला ने बच्चे को अपना बताते हुए एक सप्ताह से गायब होने की बात कही, लेकिन महिला के पास कोई वैध प्रपत्र न होने के कारण पुलिस ने बच्चे को महिला को न देकर चाइल्ड केयर की क्वार्डिनेटर अंजुम व सुपरवाइजर विभा सक्सेना को सौंप दिया है। चाइल्ड केयर के अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को सीडब्लूसी के समक्ष पेशकर बच्चे की मां को सौंप दिया जाएगा।