लखीमपुर खीरी। हनुमान जन्मोत्सव पर शनिवार सुबह करीब छह बजे पुरानी गल्ला मंडी स्थित सुभाष पार्क से विराट कीर्तनमयी पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। हजारों की संख्या में शामिल श्रद्धालु ध्वज निशान लिए जय श्रीराम और बजरंग बली के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते निकले।
यह पदयात्रा लखीमपुर-सीतापुर हाईवे पर ओयल कस्बे से पहले स्थित गुलरी पुरवा बालाजी धाम तक पहुंची। रास्ते भर जगह-जगह बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। जय श्रीराम और बजरंगबली की जय से पूरा वातावरण गुंजायमान होता रहा। मंदिर के पास आयोजन कमेटी के अलावा सदर विधायक योगेश वर्मा माइक हाथ में लेकर खुद व्यवस्था संभालने को लेकर डटे रहे।
सुबह से ही लोग श्रद्धा और भक्ति के जोश से लबरेज रहे। भक्ति गीतों की धुनों पर महिलाएं, पुरुष और बच्चे झूमते-नाचते गुलरीपुरवा के बालाजी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां दर्शन-पूजन के बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
इस पदयात्रा में शहर के अलावा गांवों और कस्बों से भी काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गुलरीपुरवा मंदिर पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने लंबी लाइन में लगकर बालाजी को प्रसाद चढ़ाया। पदयात्रा के दौरान आयोजन समिति की ओर से सजीव झांकियों का मंचन किया गया।
कलाकारों ने भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। गुलरीपुरवा में दिनभर चले दर्शन-पूजन और प्रसाद वितरण के बाद शाम के समय आयोजन समिति की ओर से सुंदरकांड का पाठ कराया गया और इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ।
इस विराट कीर्तनमयी पदयात्रा के दौरान विधायक योगेश वर्मा समेत आयोजन समिति के सुधीर अग्रवाल, आनंद वर्मा, विमल अग्रवाल, नरेश मित्तल, दीपक खरे, अमित अरोरा, राहुल अग्रवाल, संतोष, बजरंग शर्मा, राजेश पटेल, राजू अग्रवाल, शांतनु, राम मोहन गुप्ता समेत तमाम कार्यकर्ता दिनभर व्यवस्था बनाने और श्रद्धालुओं के सैलाब को नियंत्रित करने में लगे रहे।
जगह-जगह स्टाल लगाकर बांटा गया प्रसाद
लखीमपुर से गुलरीपुरवा तक रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए स्टाल लगाए गए। जिन पर हलवा, शर्बत, फल, ठंडे पानी के पाउच आदि बांटा गया। स्टाल लगवाने वालों में सपा नेता रघुवीर यादव, खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा, बसपा नेता और ट्रांसपोर्टर मोहन वाजपेयी समेत तमाम व्यापारी और समाजसेवी शामिल रहे।
कुछ श्रद्धालु जमीन पर लेटकर पहुंचे मंदिर
पदयात्रा के दौरान श्रद्धा के रंग में श्रद्धालु रंगे दिखे। पदयात्रियों के अलावा तमाम श्रद्धालु ऐसे थे, जिन्होंने जमीन पर लेटकर गुलरीपुरवा में बालाजी मंदिर तक की यात्रा पूरी की। श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर बालाजी की पूजा-अर्चना कर हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर हर वर्ष दर्शन-पूजन करने का संकल्प लिया।
काफी संख्या में तैनात रही पुलिस
पदयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लखीमपुर से लेकर गुलरीपुरवा तक चप्पे-चप्पे पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान खुद एसपी संकल्प शर्मा ने मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा एएसपी, कई सीओ, एसओ, सभी चौकी इंचार्ज, करीब डेढ़ सौ से अधिक सिपाही लगाए गए।
हनुमान यात्रा में जाती झांकियां। संवाद
हनुमान यात्रा में जाती झांकियां। संवाद
हनुमान यात्रा में जाती झांकियां। संवाद
हनुमान यात्रा में जाती झांकियां। संवाद