लखीमपुर खीरी। शहर से सटे मोहल्ला मोहब्बतनगर में सैधरी निवासी अमित नफरत का शिकार हो गया। मोहल्ले की लड़की के साथ उसके मंझले भाई नितिन का प्रेम संबंध था। उसकी पिटाई की सूचना मिलते ही अमित मौके पर पहुंचा जहां, बचाव करने पर परिजनों ने उसकी भी जमकर धुनाई कर दी। अमित और उसके भाई पर धारदार हथियार से प्रहार किया गया। इसमें अमित को काफी चोटें आईं। घायल की रविवार को मौत हो गई।
सैधरी निवासी मोहल्ले वालों का कहना था कि अगर दो अगस्त की सुबह अमित अपने भाई को बचाने मोहब्बतनगर नहीं जाता तो शायद आज जिंदा होता। अमित परिवार का सबसे बड़ा बेटा था।
जिस लड़की से अमित के भाई नितिन का प्रेम संबंध था उसका घर मृतक के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर है। चर्चा इस बात की भी है कि पहली बार जब नितिन लड़की को भगाकर ले गया था, तभी से परिजनों में नफरत के बीज पनपने लगे थे। घटना के बाद से लड़की के परिजन मोहल्ले से निकलने में भी हिचकिचाते थे। परिजनों के मुताबिक लड़की से अब नितिन का कोई नाता नहीं रहा था, लेकिन नितिन उस पर दबाव बना रहा था। घटना वाले दिन भी नितिन उसे अपने साथ ले जाने के लिए उसके घर पहुंचा था।
नितिन को देखकर गुस्साए परिजनों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इधर भाई की पिटाई की खबर मिलते ही अमित उसे बचाने पहुंचा तो परिजनों का सारा गुस्सा अमित पर टूट पड़ा। घटना में अमित की तीन अगस्त को मौत हो गई। फिलहाल मोहब्बतनगर में युवक की बेरहमी से पिटाई के दौरान हुई मौत की चर्चा पूरे शहर में थी।
बुजुर्ग बाप के सामने लड़की को भगा ले जाने आया था युवक
नितिन दो अगस्त की सुबह करीब पांच बजे लड़की के घर पहुंचा, जहां पर बुजुर्ग बाप के सामने उसे जबरन अपने साथ ले जाने की बात कहने लगा। अपने सामने हो रही पुत्री के साथ जबरदस्ती पिता को रास नहीं आई तो पिता ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। मोहल्ले के लोगों का कहना था कि नितिन और अमित की पिटाई के बाद सैधरी से करीब 50 लोग आए और लड़की के पिता को भी मारा पीटा। घटना के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है।
दस साल पहले इसी कॉलोनी में हुई थी युवक की हत्या
मोहल्लेवासियों के अनुसार करीब दस साल पहले इसी मोहब्बतनगर के लोगों ने जरा सी बात से नाराज होकर एक युवक की पिटाई कर दी थी। इससे उसकी मौत हो गई। मरने वाले युवक का नाम धीरू था। लोगों का कहना था कि युवक ने गलती से मोहल्ले के समीप लघुशंका कर दी। इस बात से गुस्साई कॉलोनी की चार से अधिक महिलाओं ने उसकी पीट कर हत्या कर दी थी।