स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर चल रहा है आंदोलन
रविवार रात अनशन स्थल पर पहुंचे एसडीएम
जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और हृदय रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग को लेकर युवक कांग्रेस का आमरण अनशन सोमवार को भी जारी रहा। आमरण अनशन पर बैठे युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष की हालत बिगड़ने लगी, इसके बावजूद मांगे पूरी होने तक उन्होंने आमरण अनशन जारी रखने का ऐलान किया है।
आमरण अनशनकारी शशांक शर्मा की हालत बिगड़ने की सूचना पाकर सोमवार को युवक कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अखिलेश वर्मा अनशन स्थल पर पहुंचे। जिला अस्पताल की लचर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और हृदय रोग समेत विभिन्न बीमारियों के इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग को लेकर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक शर्मा, जिला प्रभारी नकुल सक्सेना कई कार्यकर्ताओं के साथ नसीरुद्दीन मौजी भवन में चार दिन से आमरण अनशन कर रहे हैं। शशांक की हालत बिगड़ने की सूचना मिलने पर एसडीएम आलोक वर्मा रविवार रात अनशन स्थल पर पहुंचे और अनशन तुड़वाने की कोशिश की लेकिन अनशनकारी नहीं माने। अनशन पर बैठे जिलाध्यक्ष ने कहा कि जबतक खुद डीएम अनशन स्थल पर आकर मांगों को पूरी कराने का ठोस आश्वासन नहीं देते हैं तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि उनके आंदोलन को विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है।