सीबीएसई कोआर्डिनेटर की सलाह- लिखकर याद करने की डालें आदत
लखीमपुर खीरी। सीबीएसई की परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुरू होंगी। इसके लिए 10वीं और 12वीं के छात्र छात्राएं परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं। पढ़ाई के अत्यधिक दबाव के चलते छात्रों में तनाव होना लाजिमी है। हालांकि ऐसे में छात्र-छात्राएं परीक्षा की तैयारी किस तरह करें कि तनाव न हो।
सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर डॉ. शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने स्थानीय कार्यालय में पहुंचकर छात्रों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा कोई भी हो, विषयों का रिवीजन बेहद जरूरी है। निरंतर पढ़ने के बजाय कुछ घंटे निर्धारित करें। टाइमटेबल निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करें। रटने के बजाय लिखकर याद करने की आदत डालें। इससे लेखन क्षमता बेहतर होगी। वहीं परीक्षा का डर दिमाग में बिल्कुल न पालें।
उन्होंने बताया कि सबकुछ आने के बावजूद अक्सर अच्छे नंबर नहीं आ पाते, इसलिए योजनाबद्ध अध्ययन जरूरी है। तय करें कि प्रतिदिन कितने विषय पढ़ने हैं और किस पर कितना समय देना है, रिवीजन कितनी देर करना है। ऐसा करने से आधी समस्या दूर हो जाएगी। ध्यान रहे किसी भी काम को कल पर न टालें।
विद्यार्थियों के सवाल- जवाब
सवाल : टर्म- टू की परीक्षा में प्रश्नपत्र हल करने का समय क्या होगा?
जवाब : टर्म-वन की परीक्षा में प्रश्नपत्र हल करने का समय 90 मिनट निर्धारित था। मगर, टर्म- टू की परीक्षा का समय क्या होगा। यह अभी घोषित नहीं। डेट शीट के जारी होते ही समय के बारे में भी जानकारी मिल जाएगी। फिलहाल 90 मिनट ही मानकर तैयारी करें।
सवाल : टर्म-वन का परिणाम घोषित होगा कि नहीं?
जवाब : नहीं, सीबीएसई ने इसका परिणाम जारी करने के बावत कोई जानकारी नहीं दी है। इसका परिणाम घोषित नहीं होगा। टर्म- टू का परीक्षा परिणाम टर्म- वन के साथ मिलाकर घोषित होगा।
सवाल : टर्म- टू का पेपर डिस्क्रिप्टिव यानी वर्णात्मक होगा क्या?
जवाब : टर्म-वन की परीक्षा में पेपर ऑब्जेक्टिव आया था, लेकिन टर्म- टू की परीक्षा में प्रश्नपत्र वर्णात्मक यानि डिस्क्रिप्टिव आएगा।
सवाल : परीक्षा कब शुरू होगा और रिजल्ट कब तक आएगा?
जवाब : सीबीएसई की परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू होगी। ऐसे में रिजल्ट देर से आना स्वाभाविक है, क्योंकि पेपर होने में 35 से 40 दिन लग जाएंगे। इसलिए रिजल्ट भी देर से आएगा।
सवाल : परीक्षा स्वकेंद्र होगी क्या?
जवाब : परीक्षा स्वकेंद्र नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण सीबीएसई करेगी। निर्धारित केंद्र पर ही छात्रों को जाकर परीक्षा देनी होगी।
सवाल : डेट शीट कब तक आएगी?
जवाब : परीक्षा शुरू होनेे में अभी लंबा समय है। ऐसे में डेटशीट होली के बाद कभी भी जारी हो सकती है।
सवाल : परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए क्या करें?
जवाब : परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए जरूरी है कि पूरे कोर्स का रिवीजन करें। पिछले पांच साल
के सैंपल पेपर सॉल्व करें। कॉलेज, कोचिंग के साथ सेल्फ पढ़ाई बेहद आवश्यक है। जितना भी पढ़ें मन लगाकर पढे़ं।
सवाल : परीक्षा का डर किस तरह दूर करें?
जवाब : परीक्षा को लेकर डरने की जरूरत नहीं है। मन से डर बिल्कुल निकाल दें। मन लगाकर कोर्स का रिवीजन करें। जो टॉपिक समझ में न आ रहा हो उसे तब तक शिक्षकों से समझते रहें जब तक समझ में न आ जाए।
सवाल : पढ़ाई की तैैयारी के लिए उपयुक्त समय क्या है?
जवाब : पढ़ने के लिए सबसे अच्छा समय सुबह का है। याद करने के लिए शांत वातावरण चाहिए। जो सुबह ही मिलता है। सुबह चार बजे से छह बजे तक का समय याद करने के लिए सबसे अच्छा है।
सवाल : अच्छे अंक किस तरह लाए जा सकते हैं?
जवाब : कोर्स का अच्छी तरह से रिवीजन करें और राइटिंग पर भी विशेष ध्यान दें। अक्सर ऑब्जेकिटव प्रश्न पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है, क्योंकि इनके सही होने पर नंबर पूूरे मिलते हैं। मगर, गलत होने पर एक भी नहीं मिलता, जबकि डिस्क्रिप्टिव प्रश्नों में स्टेप मार्किंग होती है। इसलिए ऑब्जेक्टिव प्रश्नों के साथ डिस्क्रिप्टिव प्रश्नों पर भी विशेष ध्यान दें।