महिलाओं-पुरुषों ने लगाया अभद्रता का आरोप, सीओ-एसडीएम ने कराया मामला शांत, दो घंटे बाद खुला जाम
इलाहाबाद बैंक शाखा में कई दिनों से कैश न मिल पाने से गुस्साए लोगों ने मुख्य मार्ग जामकर नारेबाजी की। लोग शाखा प्रबंधक पर अभद्रता का आरोप भी लगा रहे थे। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाबुझाकर मामले को शांत कराया, जिससे दो घंटे बाद जाम खुल सका।
लोगों ने कहा कि कई दिनों से कैश नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे लोग घंटों लाइन में लगने के बाद बिना रुपये लिए लौट जाते हैं। बुधवार को सवेरे से ही फिर कतार में लगे। आरोप है कि क्षेत्र के कुछ लोग बिना लाइन में लगे रुपये लेने के लिए आगे पहुंच गए, जिस पर उन्होंने बैंक प्रबंधक से शिकायत की तो उन्होंने ठीक से बात नहीं की, जिससे गुस्साए लोगों ने खीरी-लहरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना पर पहुंचे एसओ जावेद अख्तर ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे माने। बाद में एसडीएम सदर सैमुअल पाल और सीओ सिटी एमपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया, जिससे दो घंटे बाद जाम खुल सका। इस मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गुफरान अहमद, सपा विधानसभा क्षेत्र उपाध्यक्ष सलमान रिजवी, सपा नगर मंत्री शकील यूसुफी, मोहम्मद अशरफ, मोहम्मद जुबेर खां आदि मौजूद रहे।
गोला गोकर्णनाथ। बैंक खाते से रुपये निकालने के लिए बैंकों के बाहर लाइन में खड़े खातेदारों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है। वहीं वेतन के भुगतान में दो रुपये के सिक्के का थैला दिया जा रहा है।
ममरी। रोशननगर की यूपी इलाहाबाद ग्रामीण बैंक में कैश की कमी के चलते चार दिनों से भुगतान न मिलने से गुस्साए खातेदारों ने बुधवार को बैंक के बाहर जमकर हंगामा किया और बैंक कर्मियों को बैंक का गेट खोलने से रोक दिया। बीते चार दिनों से खाली हाथ लौट रहे श्रीकांत शुक्ला, विवेक, जलालुद्दीन, बहार आलम, सुनील, संतोष, धर्मेंद्र आदि खातेदार भिड़ गए, जिस पर सुनील और कैशियर आनंद राठी आदि ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने गुस्साए खातेदारों को बमुश्किल शांत कराकर भुगतान शुरू कराया। फिर भी खातेदारों को एक हजार रुपये से संतोष करना पड़ा। उधर ममरी की अन्य शाखाओं में भी कैश के अभाव में भुगतान बंद रहा।
सिकंद्राबाद। नीमगांव और सिकंद्राबाद की बैंकों में भी कैश का अभाव रहा, जिससे खाताधारकों को भुगतान नहीं मिल सका। लोग परेशान रहे। सिकंद्राबाद की पंजाब नेशनल बैंक में बीते दस दिनों में दो दिन ही भुगतान हुआ। शाखा प्रबंधक पंकज सिद्धार्थ ने बताया कि कैश न होने के कारण दिक्कत आ रही है।
बेटी की शादी पर रुपये नहीं निकले
गोला गोकर्णनाथ। ग्राम चठिया निवासी बहादुरलाल ने बैंक काउंटर के सामने रुआंसे होकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी हरदोई में तय की है। उन्हें तिलक करने के लिए तीन दिसंबर को हरदोई जाना है और नौ दिसंबर को शादी के लिए भी सामान, कपड़े और जेवर लेना है। किंतु बैंक से तिलक और शादी करने के लिए भी उनके खाते में जमा रुपये नहीं निकाले जा रहे हैं। उन्होंने शाखा प्रबंधक को अपनी बेटी का कार्ड भी देना चाहा, किंतु उन्होंने रुपये निकालने में असमर्थता व्यक्त की।
वेतन में मिले दो रुपये के सिक्के
गोला गोकर्णनाथ। बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड के परिसर स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक से मिल में ही कार्यरत फिटर शैलेंद्र शाह को वेतन के भुगतान में पांच हजार रुपये की धनराशि में दो-दो रुपये के थैला भरकर सिक्के दिए गए।
ईसानगर। इलाहाबाद बैंक शाखा में कैश की कमी के चलते उपभोक्ताओं को पैसा नहीं मिल पा रहा है।
पलियाकलां। नोटबंदी के बाद बैंकों तथा एटीएमों में भीड़ बढ़ती ही जा रही है। एटीएमों से पैसा तो निकल रहा है लेकिन दो हजार का नोट ही निकल रहा है, जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जन सुविधाओं के लिए छोटे नोट जमा किए
ओयल-खीरी। नगर क्षेत्र में चल रही छोटे नोटों की तंगी को महसूस करते हुए व्यापारी नेता शरद गुप्ता और विजय वर्मा ने अपने बैंक खातों में छोटे नोट डालकर लोगों को सुविधाएं पहुंचाने की पहल की है।