गर्मी के चलते रेल इंजन के हॉट होने का सिलसिला जारी है। इस कारण ट्रेनें अक्सर देरी से चल रही हैं। सोमवार को ऐशबाग से मैलानी तक चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का इंजन गोला रेलवे स्टेशन के आउटर पर गर्म हो गया।
ऐशबाग से चलकर मैलानी जाने वाली ट्रेन का इंजन सोमवार को दोपहर में गोला गोकरननाथ रेलवे स्टेशन से पहले आउटर सिगनल के पास हॉट हो गया, जिससे यह ट्रेन वहीं पर करीब डेढ़ घंटा खड़ी रही। उसके बाद इंजन के ठंडा होने पर रिस्टार्ट होने के बाद ट्रेन आगे रवाना हो सकी। इस दौरान गर्मी में यात्रियों को परेशानियां उठानी पड़ीं।
बता दें कि इससे पूर्व 31 मई को पलियाकलां-ऐशबाग सेंक्चुरी एक्सप्रेस का इंजन भीरा से चलने के बाद खत्म हो चुके राजनारायनपुर स्टेशन पर हॉट होकर फेल हो गया था। इसी के अगले दिन एक जून को ही ऐशबाग से चलकर मैलानी आने वाली इंटरसिटी फास्ट पैसेंजर का इंजन मैलानी पहुंचने से पूर्व आउटर सिगनल के पास हॉट हो गया था, जिससे यह ट्रेन भी एक घंटा बीच सेक्शन में खड़ी रही थी।