गोला चीनी मिल में किसानों ने दो घंटे रोकी तोल
बजाज चीनी मिल में गन्ना किसानों ने गुरुवार को फिर घटतोली पकड़ी। धर्मकांटा से गन्ना तुलवाकर लाए किसान को मिल की तोल में दो क्विंटल 15 किग्रा का अंतर मिला, किसानों ने लगभग दो घंटे तोल बंद करा दी। मिल के दूसरे तोल कांटे पर भी दो क्विंटल का अंतर निकला। मिल में किसान काफी देर तक हंगामा करते रहे।
चीनी मिल में अपने ससुर रघुवरदयाल निवासी बहेड़ा की पर्ची पर गन्ना लेकर आए दुलीचंद वर्मा ने बताया कि वह खुटार मार्ग के धर्मकांटे पर गन्ना तुलवाकर लाए थे, जिसमें 111 क्विंटल 50 किग्रा गन्ना अंकित था। बजाज मिल में शाम साढ़े तीन बजे कांटे पर तोल कराने पर जो पर्ची मिली उसमें तोल 109 क्विंटल 35 किग्रा अंकित की गई। दो क्विंटल 15 किग्रा का अंतर आने पर तमाम किसान एकत्र हो गए और तोल बंद करा दी। सूचना पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा भी पहुंच गए। मिल के यूनिट हेड ओमपाल सिंह, कारखाना प्रबंधक आरके मिश्र और सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड के सचिव भूपेश कुमार राय भी मौके पर पहुंच गए। यूनिट हेड ने किसानों को समझाने का प्रयास किया किंतु उन्होंने उनकी नहीं सुनी, काफी देर तक किसानों की उनसे नोकझोंक होती रही। दुलीचंद ने बताया कि वह गन्ना मिल के डोंगे में गन्ना डालकर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने जाएगा और गन्ना आयुक्त सहित उच्चाधिकारियों को भी शिकायतीपत्र भेजकर मिल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करेगा। उधर इस बाबत मिल के यूनिट हेड ओमपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने मिल के दूसरे कांटे पर तोल करा दी थी, जो ठीक निकली है। धर्मकांटों के बाट खराब हैं, जिससे उनकी तोल में अंतर आ जाता है।
ट्रैक्टर के सामने लेटकर जताया विरोध
गोला गोकर्णनाथ। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा बजाज चीनी मिल में घटतोली पर काफी उत्तेजित हो गए और जिस ट्रैक्टर ट्रॉली में घटतोली हुई थी उस ट्रैक्टर के आगे लेट गए और काफी देर तक विरोध जताते रहे। उनका कहना है कि घटतोली न रोकी गई तो वह किसी भी दिन अपने साथियों के साथ गन्ना डोंगे में कूदकर जान दे देंगे। इससे हड़बड़ाए मिल के एक अधिकारी ने उनको उठाया।